वाइल्ड फ्लावर हॉल मामले में ऐतिहासिक जीत के बाद सानन परियोजना और चंडीगढ़ में प्रदेश के हिस्से के लिए भी जारी रहेंगे प्रयास
बिलासपुर। तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार हिमाचल के अधिकारों की हर लड़ाई मजबूती से लड़ रही है। वाइल्ड फ्लावर हॉल मामले में मिली ऐतिहासिक जीत के बाद अब सरकार सानन परियोजना और चंडीगढ़ में हिमाचल के हिस्से को लेकर भी पूरी ताकत से प्रयास कर रही है।
बिलासपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में धर्माणी ने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार उन मुद्दों पर लड़ाई लड़ रही है, जिन्हें पूर्व की डबल इंजन भाजपा सरकार को लड़ना चाहिए था। उन्होंने कहा कि वाइल्ड फ्लावर हॉल होटल मामले में सर्वोच्च न्यायालय से प्रदेश सरकार के पक्ष में फैसला आया, जिससे सरकार को प्रतिमाह करीब दो करोड़ रुपये की आय हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार अपने कार्यकाल में इस मामले में राहत दिलाने में विफल रही थी।
धर्माणी ने कहा कि अब सरकार की प्राथमिकता सानन परियोजना के मामले में प्रदेश के अधिकार सुनिश्चित करना है। साथ ही चंडीगढ़ में हिमाचल के हिस्से को प्राप्त करने के लिए भी सरकार गंभीरता और दृढ़ संकल्प के साथ प्रयास कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन मामलों में भी न्याय प्रदेश के पक्ष में होगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू एक निडर और साहसी नेता हैं, जो प्रदेश के हितों की रक्षा के लिए किसी भी दबाव के आगे नहीं झुकते। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने केंद्र सरकार के समक्ष हिमाचल के अधिकारों की प्रभावी पैरवी नहीं की।
भाजपा पर निशाना साधते हुए धर्माणी ने कहा कि विपक्ष लगातार सरकार गिरने की बातें करता रहा है, लेकिन प्रदेश की जनता भाजपा की कथनी और करनी को अच्छी तरह समझती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार विकास, जनकल्याण और प्रदेश के हितों की रक्षा के लिए लगातार ऐतिहासिक फैसले ले रही है तथा जनता का विश्वास उसके साथ है।












