Advertisement

सियासत: राम मंदिर दान में कथित अनियमितताओं के विरोध में कांग्रेस का प्रदेशभर में प्रदर्शन

Spread the love
शिमला में राजीव भवन से राम मंदिर तक निकाली भजन-कीर्तन यात्रा, भाजपा पर मामले की निष्पक्ष जांच न कराने का लगाया आरोप


शिमला। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर सोमवार को अयोध्या स्थित राम मंदिर के लिए एकत्रित दान में कथित वित्तीय अनियमितताओं के विरोध में प्रदेशभर में कांग्रेस ने प्रदर्शन किए। शिमला में जिला कांग्रेस शहरी और ग्रामीण इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में राजीव भवन से राम मंदिर तक राम भजन और कीर्तन करते हुए जुलूस निकाला। प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं, विधायकों, पूर्व विधायकों, पार्टी पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।


इस दौरान अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता एवं ठियोग विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने आरोप लगाया कि भाजपा इस मामले के मुख्य दोषियों को बचाने का प्रयास कर रही है और जांच के नाम पर केवल लीपापोती की जा रही है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण के लिए देश-विदेश के लोगों ने श्रद्धा के साथ दान दिया था, लेकिन अब दान राशि में कथित हजारों करोड़ रुपये की अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर चुप नहीं बैठेगी।


जिला कांग्रेस शिमला ग्रामीण के अध्यक्ष हरिकृष्ण हिमराल ने कहा कि फिलहाल जिला मुख्यालय में विरोध प्रदर्शन किया गया है और आने वाले दिनों में इसे ब्लॉक तथा गांव स्तर तक ले जाकर भाजपा की कथित भूमिका को जनता के सामने रखा जाएगा।


प्रदर्शन में कांग्रेस उपाध्यक्ष अमित नंदा, रमेश ठाकुर, केहर सिंह खाची, चंद्रशेखर, पूर्व विधायक सोहन लाल, आदर्श सूद, चिरंजी लाल, दीपक राठौर, बलदेव ठाकुर, विनीत गौतम, सोनिया चौहान, जीत ठाकुर, कौशल्या शर्मा सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।