Advertisement

होशियार सिंह पर विजिलेंस कार्रवाई राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित : सुधीर शर्मा

Spread the love
भाजपा विधायक बोले, कांगड़ा बैंक से महिला मंडलों को राशि वितरण मामले की शिकायत से बौखलाई सरकार

देहरा विधायक से जुड़े मामले से ध्यान भटकाने का प्रयास


धर्मशाला। देहरा के पूर्व विधायक होशियार सिंह के खिलाफ विजिलेंस द्वारा मामला दर्ज किए जाने पर भाजपा विधायक सुधीर शर्मा ने प्रदेश सरकार पर राजनीतिक प्रतिशोध का आरोप लगाया है। मंगलवार को जारी बयान में उन्होंने कहा कि सरकार विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने के लिए जांच एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है।


शर्मा ने कहा कि विधायक ऐच्छिक निधि का उपयोग वर्षों से जनहित के कार्यों और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए होता रहा है। प्रदेश के सभी विधायक इसी व्यवस्था के तहत राशि जारी करते रहे हैं। ऐसे में केवल होशियार सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज होना कई सवाल खड़े करता है। उनका आरोप है कि पर्याप्त जांच के बिना मामला दर्ज किया गया, जिससे कार्रवाई की मंशा पर संदेह पैदा होता है।


उन्होंने दावा किया कि कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक द्वारा चुनाव के दौरान महिला मंडलों को वितरित की गई राशि को लेकर उठे विवाद और शिकायत के बाद सरकार दबाव में है। इसी कारण राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
सुधीर शर्मा ने यह भी आरोप लगाया कि होशियार सिंह की ओर से देहरा विधायक कमलेश ठाकुर के खिलाफ दी गई शिकायत की जांच चल रही है। उनके अनुसार, उसी मामले से ध्यान हटाने के लिए यह कार्रवाई की गई है।


प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में सरकार की आलोचना करने वालों पर मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और जांच एजेंसियों को राजनीतिक प्रभाव से दूर रखा जाए।


एक अन्य मुद्दे पर उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार बनने के बाद कई विकास कार्य प्रभावित हुए हैं। बैजनाथ आईटीआई भवन का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि भुगतान नहीं मिलने के कारण ठेकेदार को भवन पर ताला लगाने तक की नौबत आ गई है।