Advertisement

मिशन रिपीट को लेकर सुक्खू का बड़ा दावा: 2027 में फिर बनेगी कांग्रेस सरकार, भाजपा के कई नेता संपर्क में

Spread the love
कार्यकर्ताओं को सरकार की उपलब्धियां घर-घर पहुंचाने का दिया संदेश, राहुल गांधी की रैलियों की भी तैयारी

शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने दावा किया है कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस दोबारा सत्ता में लौटेगी और भाजपा की सीटें मौजूदा संख्या से भी कम होंगी। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा के कई विधायक और नेता कांग्रेस के संपर्क में हैं और पार्टी का दामन थामने के इच्छुक हैं।


शिमला स्थित राजीव गांधी भवन में प्रदेश कांग्रेस की आम सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का साढ़े तीन वर्षों का कार्यकाल उपलब्धियों से भरा रहा है। सरकार ने आर्थिक चुनौतियों और प्राकृतिक आपदा जैसी परिस्थितियों के बावजूद विकास और जनकल्याण के कार्यों को गति दी है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को गांव-गांव तथा सोशल मीडिया के माध्यम से हर व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।


मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने पहली ही कैबिनेट बैठक में 1.36 लाख कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) का लाभ दिया। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और शिक्षा में सुधार के लिए ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में पहली बार रोबोटिक सर्जरी और पेट स्कैन जैसी आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं शुरू की गई हैं, जबकि एम्स स्तर की चिकित्सा सेवाएं विकसित करने के लिए करीब तीन हजार करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।


केंद्र सरकार पर वित्तीय भेदभाव का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्व घाटा अनुदान (आरडीजी) बंद किए जाने से हिमाचल को हर वर्ष 8 से 10 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि पिछली भाजपा सरकार को पांच वर्षों में केंद्र से लगभग 60 हजार करोड़ रुपये मिले, जबकि वर्तमान कांग्रेस सरकार को अब तक केवल 17 हजार करोड़ रुपये ही प्राप्त हुए हैं।


सुक्खू ने कहा कि अगले तीन महीनों में वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी की हिमाचल में रैलियों की रूपरेखा तैयार की जा रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान करते हुए कहा कि वह स्वयं अगले छह माह में सभी ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के सम्मेलनों में भाग लेंगे।


प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ हैं और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने जिला और ब्लॉक स्तर पर संगठनात्मक बैठकों को नियमित रूप से आयोजित करने पर जोर दिया।


बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, सह-प्रभारी विदित चौधरी एवं चेतन चौहान, मंत्रिमंडल के सदस्य, विधायक, जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।