Advertisement

NEET पेपर लीक से लाखों युवाओं के सपने टूटे, हिमाचल को शिक्षा में नंबर-1 बनाएंगे: सुक्खू

Spread the love
यूथ कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान का शुभारंभ, मुख्यमंत्री ने अग्निवीर योजना और केंद्र सरकार पर भी साधा निशाना

शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि नीट पेपर लीक ने देशभर के लाखों विद्यार्थियों के सपनों को चकनाचूर कर दिया है और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने सोमवार को शिमला स्थित राजीव भवन में यूथ कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान का शुभारंभ करते हुए कहा कि इस अभियान के माध्यम से प्रदेशभर में विद्यार्थियों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की अग्निवीर योजना से हिमाचल के युवाओं के साथ अन्याय हुआ है। पहले बड़ी संख्या में प्रदेश के युवा सेना में भर्ती होते थे, लेकिन चार वर्ष की सेवा व्यवस्था से उनका भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पुलिस समेत विभिन्न विभागों में पारदर्शी तरीके से नियमित भर्तियां कर रही है। पूर्व भाजपा सरकार के दौरान पुलिस भर्ती और अधीनस्थ चयन आयोग में पेपर लीक हुए, जबकि वर्तमान सरकार ने राज्य चयन आयोग का गठन कर भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया है।

उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2021 में गुणवत्ता आधारित शिक्षा के मामले में हिमाचल 21वें स्थान पर था, लेकिन वर्तमान सरकार के प्रयासों से प्रदेश पांचवें स्थान पर पहुंच गया है। सरकार का लक्ष्य हिमाचल को शिक्षा के क्षेत्र में देश का नंबर-1 राज्य बनाना है। इसके लिए आधुनिक सुविधाओं वाले सीबीएसई स्कूल स्थापित किए जा रहे हैं और शिक्षकों की नियुक्तियां भी की जा रही हैं।

स्वास्थ्य क्षेत्र का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के लोग इलाज के लिए हर साल करीब एक हजार करोड़ रुपये राज्य से बाहर खर्च करते हैं। इसे कम करने के लिए मेडिकल कॉलेजों में 3-टेस्ला एमआरआई मशीनें, आधुनिक उपकरण और रोबोटिक सर्जरी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए सरकार उत्पादों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य दे रही है। गाय का दूध 61 रुपये और भैंस का दूध 71 रुपये प्रति लीटर की दर से खरीदा जा रहा है। साथ ही विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए एक प्रतिशत ब्याज पर 20 लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है तथा लगभग 6,000 अनाथ बच्चों को ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ योजना के तहत संरक्षण दिया गया है।

उन्होंने केंद्र सरकार पर प्रदेश का राजस्व घाटा अनुदान (आरडीजी) रोकने और पुरानी पेंशन योजना के विरोध का भी आरोप लगाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका राजनीतिक जीवन छात्र राजनीति से शुरू हुआ और कांग्रेस की विचारधारा ने देश के विकास की मजबूत नींव रखी।

इस अवसर पर उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने केंद्र सरकार पर पेपर लीक मामलों को लेकर हमला बोला, जबकि यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी ज्योतिष एच.एम. ने कहा कि अभियान के तहत प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में धरना-प्रदर्शन कर विद्यार्थियों को जागरूक किया जाएगा। प्रदेश यूथ कांग्रेस अध्यक्ष छत्तर सिंह ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार योग्यता और मेरिट के आधार पर युवाओं को रोजगार उपलब्ध करा रही है।

कार्यक्रम के दौरान नीट पेपर लीक से जुड़ी घटनाओं में जान गंवाने वाले 21 लोगों की स्मृति में दो मिनट का मौन भी रखा गया।