मुख्यमंत्री Sukhvinder Singh Sukhu ने स्वास्थ्य विभाग को दिए शून्य प्रतीक्षा समय सुनिश्चित करने के निर्देश, 3000 करोड़ से प्रदेशभर में मजबूत होगी स्वास्थ्य व्यवस्था
शिमला। प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत और आधुनिक बनाने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए हैं कि सीटी स्कैन, एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड जैसी निदान सेवाओं में मरीजों को किसी प्रकार का इंतजार न करना पड़े। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि लोगों को समय पर, सुलभ और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हों
।
मुख्यमंत्री ने इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) शिमला और चमियाना सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के निदान विभागों की समीक्षा बैठक के दौरान यह निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों से स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए सुझाव भी मांगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में रिक्त पड़े डॉक्टरों, पैरामेडिकल और तकनीकी कर्मचारियों के पदों को प्राथमिकता के आधार पर भर रही है, ताकि प्रदेश के लोगों को गंभीर इलाज के लिए बाहर न जाना पड़े।
बैठक में आईजीएमसी के चिकित्सकों की मांग पर मुख्यमंत्री ने संस्थान को जल्द 256-स्लाइस सीटी स्कैन मशीन उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में हैं और इन क्षेत्रों के लिए बजट की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों, जिला अस्पतालों, जोनल अस्पतालों और नागरिक अस्पतालों में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए 3000 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक मशीनें खरीदी जाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेशवासियों को उनके घर के नजदीक ही विश्वस्तरीय उपचार उपलब्ध करवाना है।












