कोटखाई में बीडीसी अध्यक्ष विजय राजटा के सम्मान समारोह में बोले शिक्षा मंत्री, 550 करोड़ के विकास कार्यों का किया जिक्र
कोटखाई। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने रविवार को कोटखाई क्षेत्र की ग्राम पंचायत गुम्मा में खंड विकास समिति (बीडीसी) कोटखाई की नवनिर्वाचित अध्यक्षा विजय राजटा के सम्मान में आयोजित जन आभार समारोह की अध्यक्षता की। इस दौरान उन्होंने कहा कि महिलाओं की बढ़ती भागीदारी ग्रामीण विकास को नई दिशा दे रही है और महिला नेतृत्व से पंचायतों में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।
उन्होंने विजय राजटा को खंड विकास समिति कोटखाई की प्रथम अध्यक्षा बनने पर बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में जनहित और क्षेत्रीय विकास को प्राथमिकता मिलेगी।
रोहित ठाकुर ने कहा कि हाल ही में हुए पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों में महिलाओं ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। उन्होंने बताया कि तीनों जिला परिषद सीटों पर महिलाओं ने जीत दर्ज की है। इसके अलावा विजय राजटा बीडीसी कोटखाई की प्रथम अध्यक्षा, अनीता चौहान नगर पंचायत जुब्बल की अध्यक्षा तथा कमलेश झगटा बीडीसी जुब्बल की अध्यक्षा निर्वाचित हुई हैं। उन्होंने कहा कि कई पंचायतों में भी महिलाओं ने प्रधान और उपप्रधान पदों पर जीत हासिल कर नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया है।
गुम्मा में स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं का विस्तार
शिक्षा मंत्री ने कहा कि पिछले साढ़े तीन वर्षों में जुब्बल-नावर-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में संतुलित और योजनाबद्ध विकास सुनिश्चित किया गया है। उन्होंने बताया कि गुम्मा क्षेत्र उबादेश, पुडग, बलसन और हिमरी का प्रमुख बाजार एवं केंद्र बनकर उभरा है। इसी को ध्यान में रखते हुए यहां सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गुम्मा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में स्तरोन्नत किया गया है। साथ ही स्वास्थ्य केंद्र तक जाने वाली सड़क को लगभग 9 लाख रुपये की लागत से शीघ्र पक्का किया जाएगा।
प्रगतिनगर तकनीकी संस्थान के उन्नयन पर 110 करोड़
रोहित ठाकुर ने बताया कि प्रगतिनगर स्थित तकनीकी शिक्षा संस्थान क्षेत्र का सबसे बड़ा तकनीकी शिक्षण संस्थान है, जहां करीब 1,200 विद्यार्थी अध्ययन कर रहे हैं। इसके व्यापक उन्नयन के लिए 110 करोड़ रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्राप्त हुई है। संस्थान में नए रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं और आईटीआई भवन, छात्रावास, स्टाफ क्वार्टर तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गुम्मा के नए भवनों का निर्माण तेजी से चल रहा है।
550 करोड़ के विकास कार्य जारी
शिक्षा मंत्री ने कहा कि जुब्बल-नावर-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में केवल लोक निर्माण विभाग के माध्यम से ही लगभग 550 करोड़ रुपये के विकास कार्य विभिन्न चरणों में चल रहे हैं। इनमें सड़क और भवन निर्माण की कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि अन्य विभागों के विकास कार्यों के मामले में भी यह विधानसभा क्षेत्र प्रदेश के अग्रणी क्षेत्रों में शामिल है।
कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र महैता, जिला परिषद सदस्य रेखा चौहान, मीनाक्षी मांजटा, पंचायत समिति उपाध्यक्ष सुनील राजटा, युवा कांग्रेस अध्यक्ष दीपक कालटा, नायब तहसीलदार कोटखाई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।












