Advertisement

ग्राम सभाओं में पहुंचे जिला परिषद सदस्य खुश विक्रम सेन, बोले- जनता के बीच जाकर ही समझे जा सकते हैं असली मुद्दे

Spread the love
छह पंचायतों की ग्राम सभाओं में लिया हिस्सा, आपदा प्रबंधन और विकास कार्यों पर ग्रामीणों से किया संवाद, विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी भी जरूरी बताई


शिमला। चमियाणा वार्ड से जिला परिषद सदस्य खुश विक्रम सेन इन दिनों क्षेत्र में लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। उन्होंने हाल ही में छह पंचायतों की ग्राम सभाओं में भाग लेकर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। खुश विक्रम सेन ने कहा कि जनप्रतिनिधि का वास्तविक दायित्व लोगों के बीच रहकर उनकी जरूरतों और समस्याओं को समझना है, ताकि उनका समयबद्ध समाधान कराया जा सके।


उन्होंने बताया कि ग्राम सभाओं के दौरान कई ग्रामीणों ने आश्चर्य जताते हुए कहा कि उन्होंने पहली बार किसी जिला परिषद सदस्य को ग्राम सभा में शामिल होते देखा है। सेन ने कहा कि उनका क्षेत्र काफी बड़ा है, इसलिए अभी तक वह केवल छह पंचायतों में ही पहुंच पाए हैं, लेकिन आने वाले दिनों में सभी पंचायतों की ग्राम सभाओं में शामिल होकर लोगों से संवाद करेंगे।


खुश विक्रम सेन ने कहा कि ग्राम सभाएं स्थानीय समस्याओं और विकास योजनाओं पर चर्चा का सबसे प्रभावी मंच हैं। ऐसे आयोजनों में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की भी अनिवार्य भागीदारी होनी चाहिए, ताकि लोगों की शिकायतों और मांगों का मौके पर ही समाधान निकाला जा सके।


उन्होंने बताया कि इन बैठकों में उन्होंने विशेष रूप से मानसून और आपदा प्रबंधन को लेकर ग्रामीणों से चर्चा की। बरसात के मौसम में संभावित नुकसान, राहत व्यवस्था और आपदा से निपटने की तैयारियों को लेकर लोगों को जागरूक किया गया। साथ ही ग्रामीणों से अपील की गई कि किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखें।


खुश विक्रम सेन ने कहा कि वह आगे भी लगातार गांव-गांव जाकर लोगों से मिलेंगे और जनसंपर्क के माध्यम से क्षेत्र की समस्याओं को संबंधित विभागों और सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाते रहेंगे।