6 अगस्त को शिमला में मीडिया और सूचना प्रबंधन पर विशेषज्ञ देंगे प्रशिक्षण, अफवाहों पर रोक और प्रभावी संचार पर रहेगा फोकस
शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से 6 अगस्त को शिमला में “Media Communication and Information Management during Disasters” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी। कार्यशाला सुबह 10:15 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक चलेगी, जबकि पंजीकरण सुबह 9:45 बजे से शुरू होगा।
कार्यशाला का उद्देश्य आपदा की स्थिति में मीडिया और सरकारी एजेंसियों के बीच समन्वित एवं प्रभावी संचार व्यवस्था को मजबूत करना है। उद्घाटन सत्र में अतिरिक्त सचिव (राजस्व एवं आपदा प्रबंधन) प्रतिभागियों का स्वागत करेंगे, जबकि निदेशक-सह-विशेष सचिव (राजस्व एवं आपदा प्रबंधन) उद्घाटन संबोधन देंगे।
कार्यशाला के दौरान विशेषज्ञ आपदा संचार के सिद्धांत, मीडिया से संवाद की रणनीति, पत्रकारों के कठिन सवालों का सामना करने के तरीके, तकनीक के प्रभावी उपयोग, सोशल मीडिया के माध्यम से समय पर सूचना साझा करने, अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर नियंत्रण तथा मीडिया के साथ दीर्घकालिक पेशेवर संबंध विकसित करने जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी देंगे।
समापन सत्र में कार्यशाला के मुख्य निष्कर्षों का सार प्रस्तुत किया जाएगा तथा प्रतिभागियों से फीडबैक लेने के बाद धन्यवाद प्रस्ताव के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।











