Advertisement

एसजेवीएन में 29वें अंतर-सीपीएसयू कैरम टूर्नामेंट का शुभारंभ

Spread the love

विद्युत मंत्रालय और विभिन्न केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रमों की 12 टीमें ले रहीं हिस्सा, 26 अक्टूबर को होगा समापन

शिमला। एसजेवीएन की मेजबानी में वीरवार को शिमला में 29वें अंतर-सीपीएसयू कैरम टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ। भारत सरकार के विद्युत मंत्रालय के अंतर्गत पावर स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्घाटन एसजेवीएन के मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज पोरवाल ने किया।

टूर्नामेंट में विद्युत मंत्रालय, केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण और विभिन्न केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों की पुरुष एवं महिला वर्ग की 12 टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता का समापन 26 अक्टूबर को होगा।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए पंकज पोरवाल ने कहा कि इस टूर्नामेंट की मेजबानी एसजेवीएन की खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। ऐसे आयोजन खिलाड़ियों को अपने कौशल और विश्लेषणात्मक क्षमता को निखारने के साथ स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, आपसी भाईचारे और खेल भावना को मजबूत करने का अवसर प्रदान करते हैं।

मानव संसाधन विभाग की प्रमुख सीमा कुमार ने प्रतिभागी टीमों का स्वागत करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं विभिन्न संगठनों के बीच आपसी संबंधों को मजबूत करने, सम्मान की भावना विकसित करने और निष्पक्ष खेल को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

प्रतियोगिता में बीबीएमबी, डीवीसी, ग्रिड इंडिया, नीपको, एनएचपीसी, पीएफसी, पीजीसीआईएल, आरईसी, टीएचडीसी और एसजेवीएन सहित विभिन्न संगठनों की टीमें एकल एवं टीम स्पर्धाओं में भाग ले रही हैं। टूर्नामेंट का आयोजन इंडियन कैरम फेडरेशन के नियमों के अनुसार किया जाएगा।

एसजेवीएन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक भूपेन्द्र गुप्ता ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर एसजेवीएन के कार्यकारी निदेशक (वित्त) बीआर सेठी, विभागाध्यक्ष (सीएफएमडी) दीपक सिन्हा, मुख्य महाप्रबंधक हितेश कपूर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

उत्तराखंड राज्य कैरम एसोसिएशन के मुख्य रेफरी अनिल कुमार गुप्ता तथा हिमाचल प्रदेश राज्य कैरम एसोसिएशन के उप-मुख्य रेफरी एवं महासचिव विनोद कुमार भी समारोह में मौजूद रहे।

पावर स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों का खेल निकाय है, जिसे विद्युत मंत्रालय का संरक्षण प्राप्त है। इसका उद्देश्य खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करना और खिलाड़ियों की उपलब्धियों को बढ़ावा देना है।