Advertisement

युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष चंद्रमणि कुलेठी के निधन पर सीएम सुक्खू ने रद्द किए सभी कार्यक्रम

Spread the love

अंतिम संस्कार में शामिल होने होली पहुंचेंगे मुख्यमंत्री, दो साल के बेटे के सिर से उठा पिता का साया


शिमला। चंबा जिले के भरमौर क्षेत्र की होली घाटी में युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष चंद्रमणि कुलेठी की करंट लगने से हुई आकस्मिक मृत्यु से कांग्रेस परिवार में शोक की लहर है। घटना से आहत मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने होली क्षेत्र में प्रस्तावित अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। मुख्यमंत्री शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करने और चंद्रमणि कुलेठी की अंत्येष्टि में शामिल होने के लिए होली पहुंचेंगे।


मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने चंद्रमणि कुलेठी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि चंद्रमणि पार्टी के कर्मठ, सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ता थे। वह पिछले सात से दस वर्षों से उन्हें व्यक्तिगत रूप से जानते थे। चंद्रमणि ने एनएसयूआई से अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की और युवा कांग्रेस तक संगठन में सक्रिय भूमिका निभाई। वह पार्टी के कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे और संगठन के कार्यों के प्रति पूरी तरह समर्पित थे।


नरेश चौहान ने कहा कि चंद्रमणि की असमय मृत्यु से न केवल कांग्रेस परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र को गहरा आघात पहुंचा है। उनके निधन से परिवार को अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने बताया कि होली क्षेत्र में मुख्यमंत्री का कार्यक्रम प्रस्तावित था और उनका रात्रि ठहराव भी वहीं होना था। ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री को लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुननी थीं। इसे लेकर क्षेत्र में उत्साह था और तैयारियां जोरों पर चल रही थीं।


उन्होंने बताया कि चंद्रमणि कुलेठी पिछले कई दिनों से मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे हुए थे। वह प्रशासन और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाकर आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। कार्यक्रम स्थल पर झंडे लगाने से लेकर प्रचार सामग्री तैयार करने और अन्य व्यवस्थाओं तक, वह हर काम में आगे रहते थे।


परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़


नरेश चौहान ने कहा कि चंद्रमणि कुलेठी की मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनका एक छोटा बेटा है, जिसकी उम्र करीब डेढ़ से दो वर्ष है। उनके माता-पिता भी बुजुर्ग हैं और बीमार रहते हैं। इतनी कम उम्र में परिवार के मुखिया का इस तरह चले जाना बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में कांग्रेस परिवार शोक संतप्त परिजनों के साथ खड़ा है।


उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सुबह उनसे व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर चंद्रमणि कुलेठी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। मुख्यमंत्री इस दुखद घटना से बेहद आहत हैं। इसी के चलते उन्होंने होली में प्रस्तावित अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं और दिवंगत कार्यकर्ता की अंत्येष्टि में शामिल होने का निर्णय लिया है।