मुख्यमंत्री के स्वागत की तैयारियों में जुटे युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष की करंट लगने से मौत
होली घाटी में पसरा मातम, दो साल के मासूम के सिर से उठा पिता का साया
चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले की होली घाटी में एक दर्दनाक हादसे में प्रदेश युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष चंद्रमणि कुलेठी की करंट लगने से मौत हो गई। उनके आकस्मिक निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के प्रस्तावित होली दौरे के मद्देनजर चंद्रमणि कुलेठी स्वागत की तैयारियों में जुटे हुए थे। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गए और उनकी मौत हो गई।
इस हादसे से होली घाटी में मुख्यमंत्री के दौरे की तैयारियों के बीच शोक छा गया। चंद्रमणि कुलेठी युवा कांग्रेस में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। उनके निधन की खबर से युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में दुख की लहर है।
चंद्रमणि कुलेठी अपने पीछे दो साल का मासूम बेटा और परिवार छोड़ गए हैं। कम उम्र में ही बच्चे के सिर से पिता का साया उठ जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।












