पांच IAS अधिकारियों को मिली नई अतिरिक्त जिम्मेदारियां, पर्यटन, ऊर्जा, HRTC और डिजिटल गवर्नेंस विभागों में भी बदलाव
शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर अहम फेरबदल करते हुए वरिष्ठ आईएएस अधिकारी आदित्य नेगी को उद्योग विभाग के निदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। कार्मिक विभाग की ओर से 5 अगस्त को जारी अधिसूचना के अनुसार यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे और अगले आदेश तक प्रभावी रहेंगे।
आदित्य नेगी, जो वर्तमान में हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड (HPSEBL) के प्रबंध निदेशक हैं, अब अपने मौजूदा दायित्वों के साथ उद्योग विभाग के निदेशक का अतिरिक्त कार्यभार भी संभालेंगे।
सरकार ने इसी अधिसूचना के तहत चार अन्य आईएएस अधिकारियों को भी अतिरिक्त जिम्मेदारियां सौंपी हैं। हिमुडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी कमल कांत सरोच को पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग का निदेशक, विशेष सचिव (शिक्षा) शुभ करण सिंह को ऊर्जा विभाग का निदेशक, युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के निदेशक शिवम प्रताप सिंह को हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) का प्रबंध निदेशक तथा हिमाचल प्रदेश मिल्कफेड के प्रबंध निदेशक अभिषेक वर्मा को डिजिटल टेक्नोलॉजी एवं गवर्नेंस विभाग के निदेशक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
राज्य सरकार का कहना है कि इन अधिकारियों को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि संबंधित विभागों के कार्यों में निरंतरता बनी रहे और प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।











