मीडिया की खबरों को बताया भ्रामक, कहा- तथ्य जांचे बिना खबरें प्रकाशित न करें, अफवाहों से बचें
शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की राजनीति में चल रही अटकलों के बीच एआईसीसी की हिमाचल प्रभारी राजानी पाटिल ने बड़ा स्पष्टीकरण जारी किया है। उन्होंने मीडिया के एक वर्ग में प्रकाशित उन खबरों को पूरी तरह गलत और भ्रामक बताया है, जिनमें दावा किया गया था कि उन्होंने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार को लेकर पार्टी हाईकमान को कोई रिपोर्ट सौंप दी है।
राजानी पाटिल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी बयान में कहा कि वह स्पष्ट रूप से बताना चाहती हैं कि ऐसी कोई रिपोर्ट कांग्रेस हाईकमान को नहीं भेजी गई है। उन्होंने कहा कि इस तरह की खबरें तथ्यों पर आधारित नहीं हैं और इससे अनावश्यक भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है।
उन्होंने मीडिया संस्थानों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी खबर को प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले तथ्यों की पूरी तरह पुष्टि की जाए। साथ ही अपुष्ट सूचनाओं और अटकलों को फैलाने से बचा जाए ।
राजानी पाटिल के इस बयान के बाद हिमाचल कांग्रेस में कथित रिपोर्ट और संगठन-सरकार के संबंधों को लेकर चल रही चर्चाओं पर नया मोड़ आ गया है। अब उनकी इस सफाई के बाद उन खबरों पर भी सवाल उठने लगे हैं, जिनमें हाईकमान को रिपोर्ट भेजे जाने का दावा किया गया था।
कांग्रेस के राजनीतिक गलियारों में इस बयान को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि पिछले कुछ दिनों से संगठन और सरकार को लेकर लगातार तरह-तरह की चर्चाएं सामने आ रही थीं।











