Advertisement

15 अगस्त को बड़सर में होगा राज्यस्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह, मुख्यमंत्री सुक्खू करेंगे ध्वजारोहण

Spread the love


शिमला। हिमाचल प्रदेश में 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाया जाएगा। राज्य स्तरीय मुख्य समारोह इस वर्ष हमीरपुर जिले के बड़सर में आयोजित होगा, जहां मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू सुबह 11 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी लेंगे और समारोह की अध्यक्षता करेंगे।


राज्य सरकार ने जिला स्तरीय समारोहों के लिए भी मुख्य अतिथियों की सूची जारी कर दी है। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया बिलासपुर, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री चंबा, स्वास्थ्य मंत्री कर्नल (डॉ.) धनीराम शांडिल सोलन, कृषि मंत्री चंद्र कुमार धर्मशाला (कांगड़ा), उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान कुल्लू, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी रिकांगपिओ (किन्नौर) तथा शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर शिमला में आयोजित कार्यक्रमों की अध्यक्षता करेंगे।


इसके अलावा ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ऊना, नगर एवं ग्राम नियोजन मंत्री राजेश धर्माणी नाहन (सिरमौर), आयुष मंत्री यादविंदर गोमा मंडी तथा विधायक सुंदर सिंह ठाकुर लाहौल-स्पीति के केलांग में स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य अतिथि होंगे।


मुख्य सचिव ने सभी उपायुक्तों को स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां समय पर पूरी करने, सुरक्षा व्यवस्था, परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं, ताकि प्रदेशभर में राष्ट्रीय पर्व गरिमापूर्ण ढंग से मनाया जा सके।