Advertisement

हिमाचल में स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा नया आयाम, IGMC में बनेगा समर्पित रिसर्च विभाग

Spread the love
मुख्यमंत्री सुक्खू ने चिकित्सा महाविद्यालयों में शोध, आधुनिक जांच सुविधाएं और डायग्नोस्टिक सेवाएं मजबूत करने के दिए निर्देश


शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने प्रदेश के चिकित्सा महाविद्यालयों में शोध गतिविधियों को बढ़ावा देने और डायग्नोस्टिक सेवाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।


मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि पहले चरण में इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी), शिमला में एक समर्पित शोध विभाग स्थापित किया जाएगा। इसके बाद इस मॉडल को प्रदेश के अन्य सरकारी चिकित्सा महाविद्यालयों में भी लागू किया जाएगा, ताकि चिकित्सा अनुसंधान को बढ़ावा मिलने के साथ मरीजों को आधुनिक उपचार का लाभ मिल सके।


उन्होंने स्वास्थ्य संस्थानों में डायग्नोस्टिक सेवाओं को और मजबूत करने पर जोर देते हुए कहा कि मरीजों को एमआरआई, सीटी स्कैन और एक्स-रे जैसी महत्वपूर्ण जांच बिना किसी अनावश्यक प्रतीक्षा के उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही अस्पतालों में ही रक्त जांच की उन्नत सुविधाएं विकसित करने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशियलिटीज (चमियाना), आईजीएमसी शिमला और डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय टांडा में अत्याधुनिक स्वचालित प्रयोगशालाएं स्थापित करने के लिए 75 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।

इन प्रयोगशालाओं में एक ही रक्त नमूने से कई प्रकार की जांचें एक साथ की जा सकेंगी। आवश्यक मशीनों की खरीद के लिए निविदा प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।


उन्होंने कहा कि राज्य में स्वास्थ्य अधोसंरचना के विकास के लिए धन की कोई कमी नहीं है और सरकार चिकित्सा सुविधाओं को आधुनिक बनाने के लिए हरसंभव सहयोग दे रही है। दवाइयों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सरकार सीधे दवा निर्माण कंपनियों से खरीद की व्यवस्था पर भी विचार कर रही है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि चिकित्सकों, शिक्षकों तथा पैरामेडिकल कर्मचारियों के लिए बेहतर कार्य वातावरण तैयार करने की दिशा में भी कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि विभिन्न चिकित्सा महाविद्यालयों के चिकित्सकों और शिक्षकों से प्राप्त सुझावों के आधार पर स्वास्थ्य क्षेत्र में व्यापक सुधार किए जा रहे हैं। वह जल्द ही विभिन्न मेडिकल कॉलेजों का दौरा कर चिकित्सकों और शिक्षकों से भी संवाद करेंगे।


बैठक में विधायक कुलदीप राठौर, हरीश जनारथा, स्वास्थ्य सचिव आशीष सिंहमार तथा स्वास्थ्य विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।