तीसा-बैरागढ़ मार्ग पर बेकाबू होकर पलटी निजी बस, हादसे के बाद मौके पर मची चीख-पुकार
छह गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज किया रेफर
चंबा। जिला चंबा में शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बैरागढ़-तीसा-चंबा मार्ग पर चालुंज मोड़ के पास शर्मा बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 115 यात्री घायल हुए हैं। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण चंबा की स्थिति रिपोर्ट में हादसे में 7 मौतों और 15 घायलों की पुष्टि की गई है।
जानकारी के अनुसार हादसा शनिवार सुबह करीब 7:15 बजे हुआ। निजी बस बैरागढ़ से चंबा की ओर जा रही थी। चालुंज मोड़ के समीप बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
कई एजेंसियां मौके पर जुटीं
दुर्घटना की सूचना मिलते ही एनडीआरएफ, पुलिस, होमगार्ड, अग्निशमन विभाग और राजस्व विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दुर्गम क्षेत्र में हुए हादसे के कारण राहत एवं बचाव अभियान में टीमों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। स्थानीय स्तर पर भी लोगों ने बचाव कार्य में सहयोग किया।
बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। सभी 15घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। इनमें से 6 घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, चंबा रेफर किया गया है।
मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका नहीं, प्रशासन जुटा स्थिति स्पष्ट करने में
हादसे में 7 लोगों की जान चली गई है। प्रशासन की ओर से मृतकों की पहचान और हादसे से संबंधित अन्य विवरण जुटाए जा रहे हैं। घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य जारी है।
हादसा किस वजह से हुआ, इसकी स्थिति फिलहाल स्पष्ट नहीं है। बस अनियंत्रित होने के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके से जरूरी जानकारी जुटा रही हैं।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने कहा है कि घटना से संबंधित अन्य जानकारी मौके से प्राप्त होने और सत्यापन के बाद साझा की जाएगी।











