Advertisement

शिक्षा मंत्री ने भोलाड़ में 8.60 करोड़ की सड़क का किया भूमिपूजन, पीएचसी और जिम का किया निरीक्षण-उद्घाटन

Spread the love

जुब्बल। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने रविवार को जुब्बल उपमंडल के शुराचली क्षेत्र के प्रवास के दौरान ग्राम पंचायत भोलाड़ में विभिन्न विकास परियोजनाओं का भूमिपूजन, निरीक्षण और उद्घाटन किया। उन्होंने 8 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत से स्तरोन्नत होने वाली क्यारा-भौवां सड़क का भूमिपूजन किया। इसके अलावा 1.87 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भोलाड़ के कार्य का निरीक्षण किया और 3 लाख रुपये से निर्मित जिम का उद्घाटन किया।


रोहित ठाकुर ने कहा कि हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्य में सड़कें विकास की जीवन रेखा हैं। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में सड़क संपर्क मजबूत होने से गांवों तक विकास और मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना आसान होता है। उन्होंने कहा कि बागवानी बहुल क्षेत्रों में सड़कों का महत्व और बढ़ जाता है, क्योंकि बेहतर सड़क सुविधा से बागवान अपनी उपज समय पर बाजार तक पहुंचा सकते हैं। उन्होंने कहा कि इसी कारण वह सड़कों को पहाड़ों की भाग्य रेखा मानते हैं।


शिक्षा मंत्री ने बताया कि उनके विधानसभा क्षेत्र में अब तक 182 नई सड़कों का निर्माण किया गया है और विकास कार्य लगातार जारी हैं। जुब्बल-नावर-कोटखाई में लोक निर्माण विभाग के तहत करीब 550 करोड़ रुपये के विकास कार्य वर्तमान में प्रगति पर हैं, जिनमें विभिन्न सड़कों और भवनों का निर्माण शामिल है।


शुराचली क्षेत्र में विकास को दी प्राथमिकता


रोहित ठाकुर ने कहा कि शुराचली क्षेत्र से उनका भावनात्मक और पारिवारिक संबंध है और क्षेत्र के विकास को वह हमेशा प्राथमिकता देते हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के प्रमुख मार्ग सरस्वती नगर-झड़ाशली सड़क को 17 करोड़ रुपये की लागत से स्तरोन्नत किया जा रहा है। इसके अलावा 4 करोड़ रुपये की लागत से 15 नई सड़कों का निर्माण तथा 11 नई सड़कों को पक्का किया गया है।


वार्षिक मरम्मत योजना के तहत 1 करोड़ रुपये की लागत से 5 किलोमीटर लंबी भोलाड़-छुपाड़ी सड़क का भी स्तरोन्नयन किया गया है। उन्होंने कहा कि भोलाड़ में बन रहा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संस्थान साबित होगा। करीब 1.83 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन पीएचसी को इसी वर्ष नवंबर तक पूरा करने का लक्ष्य अधिकारियों को दिया गया है।
उन्होंने बताया कि पब्बर नदी पर चामशू में 5.55 करोड़ रुपये की लागत से पुल का निर्माण भी प्रगति पर है। पुल के बनने से जुब्बल के साथ-साथ रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र के लोगों को भी लाभ मिलेगा।


राथल मेले में लिया देवताओं का आशीर्वाद


शिक्षा मंत्री ने शुराचली क्षेत्र के ऐतिहासिक जिला स्तरीय राथल मेले के अंतिम दिन बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने मेले में शामिल देवताओं का आशीर्वाद लिया और क्षेत्रवासियों तथा श्रद्धालुओं को मेले की बधाई दी।


उन्होंने कहा कि राथल मेले का इतिहास सदियों पुराना है और यह क्षेत्र की समृद्ध देव संस्कृति, आस्था और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक है। मेले में बनाड़, देशमौलिया, पवासी और गुडारू देवताओं की विशेष भागीदारी रहती है।


रोहित ठाकुर ने युवाओं से अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहने का आह्वान करते हुए कहा कि आधुनिक और वैज्ञानिक युग में आगे बढ़ना जरूरी है, लेकिन अपनी पुरातन संस्कृति और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
मेले के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए, जिसमें हिमाचल के नामचीन कलाकारों ने प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मनोरंजन किया।


इस अवसर पर जुब्बल-कोटखाई-नावर कांग्रेस मंडल अध्यक्ष जितेंद्र मेहता, जिला परिषद सदस्य नेहा मेहता, हिमफेड निदेशक भीम सिंह झोहटा, पूर्व जिला परिषद सदस्य मोतीलाल सिद्धटा, पंचायत समिति अध्यक्ष कमलेश ठाकुर, उपाध्यक्ष लोकपाल शरखोली, पूर्व पंचायत समिति उपाध्यक्ष संदीप सेहटा, पूर्व जिला परिषद सदस्य कौशल मुंगटा, युवा कांग्रेस अध्यक्ष दीपक काल्टा, बीडीसी अध्यक्ष कमलेश झगटा, ग्राम पंचायत भोलाड़ प्रधान प्रेमलाल रुनेटा सहित विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि, एसडीएम जुब्बल गुरमीत नेगी, नायब तहसीलदार सरस्वतीनगर दिनेश शर्मा तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।