Advertisement

पंचायतों के सुदृढ़ीकरण पर सरकार का फोकस, दैहना को मिला 1.14 करोड़ का आधुनिक पंचायत भवन

Spread the love

शिमला। विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि प्रदेश की सभी पंचायतों को सुदृढ़ और आधुनिक बनाने के लिए प्रदेश सरकार प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।

आवश्यकतानुसार पुराने पंचायत भवनों के स्थान पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त नए भवन बनाए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीणों को पंचायत से जुड़ी सभी सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध हो सकें।


अनिरुद्ध सिंह ने यह बात ग्राम पंचायत दैहना में 1.14 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित पंचायत भवन के लोकार्पण के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने पंचायत क्षेत्र के लोगों और पंचायत प्रतिनिधियों को नए भवन की बधाई देते हुए कहा कि पंचायत घर ग्रामीण विकास की आधारशिला है। यहीं से क्षेत्र की विकास योजनाओं की रूपरेखा तैयार होती है और उन्हें धरातल पर उतारने की प्रक्रिया आगे बढ़ती है।


कसुम्पटी की पंचायतों के भवनों पर 19 करोड़ खर्च होंगे


मंत्री ने कहा कि लोगों की मांग पर दैहना पंचायत को चियोग पंचायत से अलग कर बनाया गया है। नए पंचायत भवन मिलने से प्रतिनिधियों को बेहतर सुविधाएं मिलती हैं और ग्रामीणों को अपनी समस्याएं रखने के लिए उचित मंच उपलब्ध होता है।


उन्होंने बताया कि दैहना पंचायत की अपनी आय करीब 5 लाख रुपये है, जो विकास की दृष्टि से उत्साहजनक है। उन्होंने कहा कि कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र में पंचायतों के नए भवनों के निर्माण के लिए करीब 19 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। आने वाले समय में सभी पंचायतों को चरणबद्ध तरीके से बजट उपलब्ध करवाया जाएगा।


अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि दैहना पंचायत भवन के साथ पंचायत की भूमि पर अतिरिक्त सामुदायिक भवन भी बनाया जाएगा। इसके लिए बजट का प्रावधान किया जाएगा, जिससे पंचायत की आय में और वृद्धि हो सके।


सड़कों और पेयजल योजनाओं को भी मिलेगी गति


विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए मंत्री ने कहा कि फागू-चियोग-टियाली-धरेच संपर्क सड़क की अपग्रेडेशन पर 15 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं और काम प्रगति पर है। उन्होंने अधिकारियों को सड़क निर्माण और डंगों के कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ निर्धारित समय में काम पूरा करने के निर्देश दिए।


उन्होंने कहा कि पंचायत क्षेत्र की छह छोटी सड़कों के निर्माण से जुड़े एफआरए मामले पूरे कर लिए गए हैं और जल्द इनके निर्माण कार्य शुरू होंगे। वहीं तीन बड़ी सड़कों का निर्माण प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत किया जाएगा, जिसकी स्वीकृति मिल चुकी है।


मंत्री ने बताया कि कठोड़ी खड्ड से उठाऊ पेयजल योजना का निर्माण कार्य भी जारी है और करीब दो महीने में इसके पूरा होने की उम्मीद है। योजना के पूरा होने से क्षेत्र की पेयजल समस्या के समाधान में मदद मिलेगी।


महिला मंडल को 11 हजार की सहायता


स्थानीय ग्राम पंचायत दैहना की प्रधान विद्या शर्मा ने मंत्री का स्वागत किया और पंचायत क्षेत्र की विभिन्न समस्याएं व मांगें उनके समक्ष रखीं। अनिरुद्ध सिंह ने संबंधित मांगों को जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया।


इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाली महिला मंडल की सदस्यों के लिए मंत्री ने अपनी ऐच्छिक निधि से 11 हजार रुपये देने की घोषणा की।


कार्यक्रम में एसडीएम ठियोग डॉ. शशांक गुप्ता, डीएफओ ठियोग मुनीश रामपाल, तहसीलदार ठियोग वरुण गुलाटी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, महिला मंडल एवं युवक मंडल के सदस्य तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।