Advertisement

प्राथमिक शिक्षकों का क्रमिक अनशन 16वें दिन भी जारी, मंडी की महिला विंग ने संभाला मोर्चा

Spread the love


शिमला। हिमाचल प्रदेश राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ का क्रमिक अनशन सोमवार को 16वें दिन भी निदेशालय स्कूल शिक्षा, शिमला में जारी रहा। शिक्षकों ने अपनी न्यायोचित मांगों के समर्थन में आंदोलन को पूरी प्रतिबद्धता और अनुशासन के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।


अनशन के 16वें दिन जिला मंडी प्राथमिक शिक्षक संघ की महिला विंग की पदाधिकारियों ने धरना स्थल पर पहुंचकर आंदोलन में भाग लिया। महिला शिक्षकों ने कहा कि शिक्षकों के अधिकारों और न्यायपूर्ण मांगों की लड़ाई में वे पूरी निष्ठा और मजबूती के साथ संगठन के साथ खड़ी हैं।


क्रमिक अनशन में मंडी महिला विंग की अध्यक्षा वंदना वर्मा, जिला मंडी की वरिष्ठ उपाध्यक्ष अंजू वाला, मुख्य सलाहकार कुसुम शर्मा और सदस्य सचिव नीलम सेन ने भाग लिया।


11 जुलाई से शुरू हुई न्याय यात्रा


शिक्षक संघ के अनुसार आंदोलन की शुरुआत 11 जुलाई 2026 को पैदल न्याय यात्रा के माध्यम से हुई थी। न्याय यात्रा के शिमला पहुंचने के बाद 26 जुलाई को चौड़ा मैदान में विशाल धरना आयोजित किया गया और इसके उपरांत क्रमिक अनशन शुरू किया गया।


संघ ने कहा कि जब तक प्राथमिक शिक्षकों की न्यायोचित मांगों का समाधान नहीं किया जाता, तब तक संघर्ष जारी रहेगा। संगठन ने सरकार से शिक्षकों की मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की है।


राज्य कार्यकारिणी, हिमाचल प्रदेश राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने कहा कि आंदोलन शांतिपूर्ण, अनुशासित और लोकतांत्रिक तरीके से जारी रहेगा।