Advertisement

हादसा: अंतिम संस्कार के लिए निकले थे, रास्ते में मौत ने घेरा: संगड़ाह में 50 मीटर नीचे गिरी बोलेरो कैंपर, चार की मौत

Spread the love

सिरमौर। सिरमौर जिले के संगड़ाह क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहां एक मृतक के शव को अंतिम संस्कार के लिए गांव ले जा रही बोलेरो कैंपर जीप अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 50 मीटर नीचे जा गिरी। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन चालक समेत नौ लोग घायल हुए हैं।

गंभीर रूप से घायल चार लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद उच्चतर चिकित्सा संस्थान के लिए रेफर किया गया है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।


जानकारी के अनुसार, 11 अगस्त को चिनाड़ निवासी जगदीश शर्मा को दिल का दौरा पड़ा था। परिजन उन्हें उपचार के लिए संगड़ाह अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए गांव अरलू ले जाने की तैयारी में जुट गए।


परिजनों ने शव को गांव ले जाने के लिए बोलेरो कैंपर नंबर HP 79-4595 किराये पर ली। वाहन को डुंगी निवासी कपिल देव चला रहा था। चिनाड़ के पास अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए परिवार और गांव के कुछ अन्य लोग भी वाहन में सवार हो गए। इसके बाद बोलेरो कैंपर शव को लेकर अरलू की ओर रवाना हुई।


बताया जा रहा है कि रात करीब 12:45 बजे गतलोग के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद बोलेरो कैंपर सड़क से करीब 50 मीटर नीचे खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि राजेंद्र, देशराज, रिखी राम और राम गोपाल की मौके पर ही मौत हो गई।


हादसे में वाहन चालक कपिल देव समेत नौ लोग घायल हुए हैं। घायलों में कमलेन्द्र, संदीप, राम स्वरूप और चालक कपिल देव की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद उच्चतर चिकित्सा संस्थान के लिए रेफर किया गया है।


पुलिस ने शुरू की जांच


हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। मृतकों के शवों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संगड़ाह लाया गया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जारी है।


एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस ने हादसे को लेकर मामला दर्ज कर लिया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि रात के समय आखिर किन परिस्थितियों में चालक का वाहन से नियंत्रण खो गया।


एक तरफ परिवार अपने मृत परिजन के अंतिम संस्कार के लिए गांव जा रहा था, लेकिन रास्ते में हुए इस दर्दनाक हादसे ने चार परिवारों से उनके अपने छीन लिए। हादसे के बाद संगड़ाह और आसपास के क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।