जयपुर में 16 टीमों के साथ होगा जेपीएल का अगला संस्करण, दिल्ली में महिला पत्रकारों की मैराथन का भी ऐलान
नई दिल्ली। पत्रकारिता की व्यस्त और चुनौतीपूर्ण दिनचर्या के बीच खेल, फिटनेस और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित जर्नलिस्ट प्रीमियर लीग (जेपीएल) ने एक और उपलब्धि अपने नाम कर ली है।
यूनाइटेड प्रेस क्लब की ओर से आयोजित जेपीएल के सफर पर तैयार की गई कॉफी टेबल बुक का बुधवार को कॉन्स्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया, नई दिल्ली में विमोचन किया गया। समारोह में राजस्थान कुश्ती संघ के अध्यक्ष एवं लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के विशेष कार्याधिकारी राजीव दत्ता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
इस अवसर पर राजीव दत्ता ने जेपीएल को पत्रकारों के बीच खेल भावना, टीम वर्क और आपसी जुड़ाव को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण मंच बताया। उन्होंने कहा कि पत्रकार दिनभर खबरों और विभिन्न चुनौतियों के बीच काम करते हैं। ऐसे में खेल गतिविधियां उन्हें तनाव से बाहर निकालने के साथ-साथ स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और सकारात्मक माहौल से जोड़ने का काम करती हैं।
अब 16 टीमों के साथ होगा जेपीएल
समारोह के दौरान जेपीएल के अगले संस्करण को लेकर भी बड़ा ऐलान किया गया। राजीव दत्ता ने घोषणा की कि जेपीएल का अगला संस्करण जयपुर में आयोजित किया जाएगा और इसमें आठ की बजाय 16 टीमें हिस्सा लेंगी। उन्होंने कहा कि जेपीएल का बढ़ता दायरा इस बात का प्रमाण है कि पत्रकारों के बीच खेल और फिटनेस को लेकर उत्साह लगातार बढ़ रहा है।
उन्होंने यूनाइटेड प्रेस क्लब की ओर से दिवंगत पत्रकारों के परिवारों की सहायता के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि पत्रकार समुदाय के लिए ऐसे प्रयास सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं।
महिला पत्रकारों के लिए दिल्ली में मैराथन
कार्यक्रम के दौरान महिला पत्रकारों के लिए दिल्ली में मैराथन आयोजित करने की भी घोषणा की गई। इसका उद्देश्य महिला पत्रकारों को फिटनेस, स्वास्थ्य और खेल गतिविधियों से जोड़ना है। मैराथन में भाग लेने वाली प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कार राशि भी रखी जाएगी।
कप्तानों ने जताया आभार
जेपीएल से जुड़ी विभिन्न टीमों के कप्तानों और टीम पदाधिकारियों ने समारोह में राजीव दत्ता की मौजूदगी और प्रोत्साहन के लिए उनका आभार जताया। यूनाइटेड प्रेस क्लब के अध्यक्ष एवं पंजाब प्रेस लायंस के कप्तान अर्शदीप सिंह समर ने कहा कि राजीव दत्ता की मौजूदगी ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।
दिल्ली मीडिया मास्टर्स के कप्तान प्रदीप कुमार ने कहा कि उनका कार्यक्रम में शामिल होना आयोजन के लिए यादगार क्षण रहा। राजस्थान मीडिया रॉयल्स के कप्तान मुकेश मीणा ने सहयोग के लिए आभार जताया। हिमाचल मीडिया वॉरियर्स के कप्तान मोहित प्रेम शर्मा ने कहा कि राजीव दत्ता के प्रोत्साहन से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ा है।
जेएंडके प्रेस ग्लेडिएटर्स के कप्तान राहुल कुमार, हरियाणा प्रेस पैंथर्स के कप्तान रवि कालीरामन और चंडीगढ़ प्रेस स्ट्राइकर्स के टीम हेड वरिंदर रावत ने भी आयोजन को सफल बनाने के लिए आभार व्यक्त किया। वहीं, यूपी मीडिया फाइटर्स के कप्तान मनोज त्रिपाठी ने कहा कि जेपीएल ने देशभर के पत्रकारों को खेल के माध्यम से जोड़ते हुए भाईचारे की नई मिसाल कायम की है।
कॉफी टेबल बुक के विमोचन और अगले संस्करण में टीमों की संख्या दोगुनी किए जाने की घोषणा के साथ जेपीएल ने पत्रकारों के बीच खेल और सामाजिक जुड़ाव के एक ऐसे मंच के रूप में अपनी पहचान मजबूत की है, जो आने वाले समय में और व्यापक रूप ले सकता है।











