शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने ठाकुर रामलाल गर्ल्स स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स का किया उद्घाटन, 2.78 करोड़ के अतिरिक्त भवन की रखी आधारशिला
जुब्बल। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने शुक्रवार को जुब्बल में ठाकुर रामलाल गर्ल्स स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने खेल संस्थान के अतिरिक्त भवन के निर्माण कार्य की आधारशिला भी रखी। भवन के निर्माण पर 2 करोड़ 78 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि यह संस्थान प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने और छात्राओं को राष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि यह प्रदेश का पहला ऐसा स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स है, जहां छात्राओं को राष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं के साथ आठ अलग-अलग खेलों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह संस्थान पहले ठाकुर रामलाल कन्या खेल छात्रावास के नाम से जाना जाता था।
रोहित ठाकुर ने कहा कि सरकार खेल अधोसंरचना को मजबूत करने और युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। खिलाड़ियों की डाइट मनी 120 रुपये से बढ़ाकर 220 रुपये की गई है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सरकार की ओर से सम्मानित भी किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि ठाकुर रामलाल राजकीय बालिका खेल विद्यालय जुब्बल में वॉलीबॉल सहित आठ खेलों को शामिल किया गया है। खेल विद्यालय के बेहतर प्रबंधन और कार्यक्षमता को प्रभावी बनाने के लिए 32 नए पद स्वीकृत किए गए हैं। छात्राओं की सुविधा के लिए 20 लाख रुपये के उपकरण उपलब्ध करवाए जा चुके हैं, जबकि जल्द ही 72 लाख रुपये के अतिरिक्त उपकरण भी उपलब्ध करवाए जाएंगे।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश में कुल 11 खेल संस्थान हैं और इनमें जुब्बल का कन्या खेल विद्यालय सबसे बड़ा है। अब इसे प्रदेश के पहले स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स के रूप में विकसित किया गया है। उन्होंने कहा कि यहां की बेटियां पहले भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और क्षेत्र का नाम रोशन कर चुकी हैं। इस वर्ष चीन में आयोजित होने वाली वर्ल्ड स्कूल वॉलीबॉल चैंपियनशिप-2026 के लिए भारतीय गर्ल्स वॉलीबॉल टीम में इस छात्रावास की छह छात्राओं का चयन हुआ है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार ने खेलों को बढ़ावा देने के लिए ओलंपिक, शीतकालीन ओलंपिक और पैरालंपिक में स्वर्ण पदक विजेताओं के लिए पुरस्कार राशि में उल्लेखनीय बढ़ोतरी की है।
कोटखाई में केंद्रीय विद्यालय शुरू होना बड़ी उपलब्धि
शिक्षा मंत्री ने कहा कि कोटखाई में केंद्रीय विद्यालय की स्वीकृति और शैक्षणिक सत्र का शुरू होना क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि विद्यालय के भवन निर्माण के लिए 20 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है और जल्द निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय सरस्वती नगर में चार वर्षीय एकीकृत बीपीएड कोर्स शुरू किया गया है। इससे स्थानीय छात्रों को शारीरिक शिक्षा की पढ़ाई के लिए प्रदेश से बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
इसके अलावा जुब्बल के डकैढ़ गांव में करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान का निर्माण किया जाएगा। यह संस्थान क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यकर्ताओं और लोगों ने केक काटकर मनाया जन्मदिन
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर के जन्मदिन के अवसर पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों, पार्टी कार्यकर्ताओं और छात्राओं ने केक काटकर उन्हें बधाई दी तथा उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की।
कार्यक्रम में जुब्बल-कोटखाई मंडल अध्यक्ष जितेंद्र मेहता, जिला परिषद सदस्य मीनाक्षी मांजटा और नेहा मेहता, पंचायत समिति अध्यक्षा कमलेश झगटा, उपाध्यक्ष लोकपाल शरखोली, नगर पंचायत जुब्बल की अध्यक्षा अनिता चौहान, उपाध्यक्ष राजेश तेजटा सहित पार्षद, निदेशक स्कूल शिक्षा आशीष कोहली, अतिरिक्त निदेशक शिक्षा योगेश चौहान, उपनिदेशक शिक्षा लेखराज भारद्वाज और निशा भलूनी, खंड प्राथमिक शिक्षा अधिकारी हेमलता जोधटा, एसडीएम जुब्बल गुरमीत नेगी, विद्यालय प्रधानाचार्य प्रेम पाल दुल्टा व नरेंद्र चौहान, स्पोर्ट्स हॉस्टल प्रभारी बलवंत झौटा, खेल एवं क्रीड़ा संघ अध्यक्ष संतोष चौहान, डिप्टी डायरेक्टर अजय पानटा, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।











