Advertisement

रिज मैदान में मनेगा जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर होंगे मुख्य अतिथि

Spread the love

शिमला।  ऐतिहासिक रिज मैदान पर 15 अगस्त को जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति और हिमाचली संस्कृति के रंगों के साथ भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। समारोह की अध्यक्षता शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर करेंगे। कार्यक्रम सुबह 11 बजे शुरू होगा।

सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि शिक्षा मंत्री सुबह 11 बजे समारोह स्थल पर पहुंचेंगे। इसके बाद 11:02 बजे राष्ट्रीय गीत के साथ कार्यक्रम की शुरुआत होगी और ध्वजारोहण किया जाएगा। तत्पश्चात राष्ट्रीय गान होगा। मुख्य अतिथि द्वारा 11:10 बजे परेड का निरीक्षण किया जाएगा।

समारोह में हिमाचल पुलिस की पुरुष एवं महिला टुकड़ियों के साथ होमगार्ड, यातायात पुलिस, एनसीसी बॉयज एवं गर्ल्स, एनएसएस बॉयज एवं गर्ल्स तथा भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की टुकड़ियां मार्च पास्ट में हिस्सा लेंगी। हिमाचल प्रदेश पुलिस बैंड और हिमाचल प्रदेश गृह रक्षक बैंड भी मार्च पास्ट की शोभा बढ़ाएंगे।

स्वतंत्रता सेनानियों की वीर गाथाओं को करेंगे याद

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर सुबह 11:25 बजे जिलावासियों को संबोधित करेंगे। अपने संदेश में वह देश की आजादी के लिए संघर्ष करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों की वीर गाथाओं और उनके योगदान को याद करेंगे।

इसके बाद सुबह 11:55 बजे रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा। इसमें राजकीय कन्या महाविद्यालय शिमला की छात्राएं किन्नौरी नृत्य, राजीव गांधी राजकीय महाविद्यालय कोटशेरा के विद्यार्थी हिमाचली नाटी और नृत्य कला केंद्र शोघी के कलाकार सोलन का गिद्दा प्रस्तुत करेंगे।

डाइट शामलाघाट के विद्यार्थी नाटी नृत्य, संभोता तिब्बतन विद्यालय छोटा शिमला के छात्र याक नृत्य तथा जवाहर लाल नेहरू राजकीय फाइन आर्ट महाविद्यालय शिमला के विद्यार्थी देशभक्ति आधारित गायन एवं नृत्य की प्रस्तुति देंगे।

उत्कृष्ट कर्मचारियों का होगा सम्मान

समारोह के दौरान जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहन राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रीय गान के साथ होगा। स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।