Advertisement

हमीरपुर को मिली 35 ई-बसों की सौगात, मुख्यमंत्री ने विभिन्न परियोजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास

Spread the love
3.05 करोड़ की उठाऊ सिंचाई योजनाओं से 320 किसान परिवार होंगे लाभान्वित, डिग्री कॉलेज में छात्राओं के लिए 9 करोड़ से बनेगा आवास

शिमला/हमीरपुर। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को हमीरपुर जिले के परिवहन निगम के विभिन्न डिपुओं के लिए 35 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने जिले में विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास भी किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को हरित ऊर्जा राज्य बनाने और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रदेश सरकार ई-वाहनों को व्यापक स्तर पर बढ़ावा दे रही है। हाल ही में हिमाचल पथ परिवहन निगम के बेड़े में 297 इलेक्ट्रिक बसें शामिल की गई हैं।

उन्होंने कृषि उप-निदेशक कार्यालय परिसर में 8.64 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अत्याधुनिक एसआरटी लैब और हमीरपुर डिग्री कॉलेज में 1.50 करोड़ रुपये की लागत से बनी सीबीटी लैब का उद्घाटन किया। उन्होंने कॉलेज की 70 टैब वाली लाइब्रेरी का भी शुभारंभ किया। इसके अलावा डिग्री कॉलेज में 9 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले छात्राओं के आवास का शिलान्यास किया तथा जिला पुस्तकालय में किताबी कॉर्नर का उद्घाटन किया।

मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश फसल विविधीकरण प्रोत्साहन परियोजना चरण-2 के तहत 3.05 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित विभिन्न उठाऊ सिंचाई योजनाओं का भी लोकार्पण किया। इनमें नादौन क्षेत्र की बसोल में 57 लाख, जसोह में 39 लाख और खटरोड़ में 47 लाख रुपये की योजनाएं शामिल हैं। सुजानपुर क्षेत्र में घराट की 43 लाख रुपये, हमीरपुर क्षेत्र में डखोल की 46 लाख रुपये तथा बड़सर क्षेत्र में थौन की उठाऊ सिंचाई योजना का भी लोकार्पण किया गया। इन योजनाओं से करीब 320 किसान परिवार लाभान्वित होंगे।

मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से सैनिक स्कूल सुजानपुर टीहरा में 5 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित हॉस्टल का भी उद्घाटन किया।

इस अवसर पर कृषि मंत्री चन्द्र कुमार, विधायक सुरेश कुमार, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील कुमार शर्मा, एचआरटीसी के उपाध्यक्ष अजय वर्मा, हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव कंवर, हिमाचल प्रदेश ओबीसी वित्त एवं विकास निगम के उपाध्यक्ष डॉ. मोहन लाल, कांगड़ा कॉपरेटिव प्राइमरी कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के चेयरमैन राम चन्द्र पठानिया, हिमाचल प्रदेश मार्केटिंग बोर्ड के चेयरमैन कुलदीप पठानिया, नशा निवारण बोर्ड के समन्वयक नरेश कुमार, एपीएमसी अध्यक्ष अजय शर्मा, हिमाचल प्रदेश भूतपूर्व सैनिक निगम के चेयरमैन कर्नल मनीष कुमार, जिला कांग्रेस कमेटी हमीरपुर के अध्यक्ष सुमन भारती सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।