विवाह, शिक्षा, चिकित्सा, आवास और मातृत्व-पितृत्व सहायता योजनाओं के तहत पात्र लाभार्थियों को मिली आर्थिक मदद; 80 करोड़ की संपत्ति मेडिकल कॉलेज को दान करने पर डॉ. राजेंद्र कंवर सम्मानित
बड़सर। 80वें राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत 4,967 पात्र लाभार्थियों को 20.61 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय सहायता वितरित की।
विवाह सहायता योजना के तहत 1,758 लाभार्थियों को 8.98 करोड़ रुपये, जबकि शिक्षा सहायता योजना के तहत 2,788 लाभार्थियों को 7.89 करोड़ रुपये प्रदान किए गए। चिकित्सा सहायता के तहत 17 लाभार्थियों को 3.54 लाख रुपये की सहायता दी गई।
मृत्यु एवं अंतिम संस्कार सहायता योजना के तहत 60 लाभार्थियों को 1.49 करोड़ रुपये, जबकि मातृत्व एवं पितृत्व सहायता योजना के तहत 109 लाभार्थियों को 38.02 लाख रुपये प्रदान किए गए।
इसी तरह 68 लाभार्थियों को आवास निर्माण के लिए 89.77 लाख रुपये की सहायता मिली। दिव्यांग सहायता योजना के तहत 63 लाभार्थियों को 12 लाख रुपये तथा 61 एकल, परित्यक्त एवं दिव्यांग महिलाओं को 61 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। शिशु जन्म उपहार योजना के तहत 39 लाभार्थियों को 19.89 लाख रुपये वितरित किए गए।
80 करोड़ की संपत्ति मेडिकल कॉलेज को दान करने वाले डॉ. कंवर सम्मानित
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने समाज सेवा में उल्लेखनीय योगदान के लिए 77 वर्षीय सेवानिवृत्त वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेंद्र कंवर को सम्मानित किया। डॉ. कंवर ने अपनी 80 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की चल एवं अचल संपत्ति डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, हमीरपुर को दान कर दी है।
स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को भी किया सम्मानित
मुख्यमंत्री ने डॉ. कंवर के इस निर्णय की सराहना करते हुए इसे सामाजिक प्रतिबद्धता और मानव सेवा की प्रेरणादायक मिसाल बताया।
मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को भी सम्मानित किया। इस दौरान ‘वो रुका नहीं’ गीत का लोकार्पण किया गया। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए तथा समारोह में उनकी उत्साहपूर्ण भागीदारी की सराहना की।











