एनसीएस के रिकॉर्ड में फिलहाल कोई नया आफ्टरशॉक दर्ज नहीं, बड़े नुकसान या जनहानि की सूचना नहीं
शिमला। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा और चंबा जिलों में मंगलवार शाम भूकंप के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार कांगड़ा में 4.0 तीव्रता का भूकंप शाम 7 बजकर 40 मिनट पर दर्ज किया गया। वहीं, चंबा में 3.6 तीव्रता का भूकंप शाम 6 बजकर 54 मिनट पर आया।
एनसीएस के उपलब्ध रिकॉर्ड के मुताबिक दोनों घटनाओं को ‘रिव्यूड’ यानी जांचे गए रिकॉर्ड के रूप में दर्ज किया गया है। फिलहाल इन भूकंपीय घटनाओं के बाद कांगड़ा या चंबा में किसी नए आफ्टरशॉक की सूचना एनसीएस पोर्टल पर दर्ज नहीं हुई है।
भूकंप के झटकों के बाद लोगों में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना, हालांकि फिलहाल किसी बड़े नुकसान या जनहानि की आधिकारिक सूचना सामने नहीं आई है।
प्रशासन की ओर से लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और भूकंप के दौरान सावधानी बरतने की अपील की गई है। भूकंप के झटके महसूस होने पर खुले और सुरक्षित स्थान पर जाने तथा क्षतिग्रस्त इमारतों से दूर रहने की सलाह दी गई है।











