Advertisement

मुख्यमंत्री सुक्खू का भाजपा पर पलटवार, खाली अटैची लेकर प्रदर्शन पर विपक्ष को घेरा

Spread the love

बोले- भाजपा पांच अटैचियों में प्याज-चीनी भरकर जनता में बांटती तो बेहतर होता

राज्यसभा चुनाव में नौ विधायकों की खरीद-फरोख्त का लगाया आरोप


शिमला। वाराणसी दौरे से लौटे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भाजपा के प्रदर्शन और विपक्ष के आरोपों पर तीखा पलटवार किया। भाजपा नेताओं के अटैची लेकर प्रदर्शन करने पर मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि खाली अटैची लेकर नाटक करने के बजाय विपक्ष पांच अटैचियों में प्याज और चीनी भरकर जनता को बांटता तो ज्यादा बेहतर होता। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने राज्यसभा चुनाव के दौरान अटैचियां देकर नौ विधायकों की खरीद-फरोख्त की थी और अब प्रदर्शन में पहुंची अटैचियां खाली हैं।


मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की राजनीति में अटैची की परंपरा भाजपा ने शुरू की है। उन्होंने विपक्ष के भ्रष्टाचार के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के साढ़े तीन साल के कार्यकाल में किसी मंत्री पर भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा है। उन्होंने कहा कि ईमानदार लोगों पर सवाल उठाने से पहले भाजपा को अपना दामन देखना चाहिए। सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है।


विजिलेंस कार्रवाई पर भी भाजपा को घेरा


विजिलेंस कार्रवाई को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के 10-10 विधायक विजिलेंस कार्यालय जा रहे हैं। कागजात मांगे जाने पर जवाब देने के बजाय ड्रामा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में भाजपा ने ही सुधीर शर्मा, हर्ष महाजन और राजेंद्र राणा के खिलाफ शिकायतें की थीं। अब सरकार उन मामलों में कार्रवाई कर रही है तो भाजपा एकजुट होकर विरोध कर रही है। मुख्यमंत्री ने हिमकेयर और PPE किट मामले का भी उल्लेख करते हुए विपक्ष पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया।


राष्ट्रगान विवाद पर भी साधा निशाना


राष्ट्रगान विवाद पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सदन में सभी ने राष्ट्रगान गाया, लेकिन उसके बाद राष्ट्रगान पर सवाल उठाना ही उसका अपमान है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रगान को लेकर राजनीति नहीं होनी चाहिए और इस मुद्दे पर विपक्ष को अपनी भूमिका स्पष्ट करनी चाहिए।


पर्यटन निवेश पर वाराणसी में चर्चा


मुख्यमंत्री ने अपने वाराणसी दौरे की जानकारी देते हुए कहा कि पर्यटन क्षेत्र से जुड़े उद्योगपतियों के साथ हिमाचल की पर्यटन संभावनाओं पर चर्चा हुई। सरकार शिवालिक हिल्स और मिड हिमालय क्षेत्र में नए पर्यटन स्थल विकसित करने की दिशा में काम कर रही है। उनका उद्देश्य प्रदेश में पर्यटन का विस्तार करते हुए नए क्षेत्रों को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ना है।


मंत्रिमंडल विस्तार के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जल्द ही शुभ सूचना मिलेगी। उन्होंने संकेत दिया कि मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर फैसला जल्द सामने आ सकता है।