डीए 45 से बढ़कर 50 प्रतिशत, ग्रुप-डी कर्मचारियों को नवंबर में 10 हजार रुपये नकद
2016 से 2022 के बीच सेवानिवृत्त तृतीय श्रेणी कर्मचारियों का पूरा पेंशन एरियर जारी करने के आदेश
शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार ने कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में पांच प्रतिशत बढ़ोतरी के साथ पेंशनरों के बकाया भुगतान को लेकर भी महत्वपूर्ण आदेश जारी किए हैं। वित्त विभाग की ओर से शुक्रवार को जारी अधिसूचना के अनुसार, सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों का महंगाई भत्ता 45 से बढ़ाकर 50 प्रतिशत कर दिया गया है।
बढ़े हुए डीए का भुगतान अक्टूबर के वेतन के साथ नवंबर में किया जाएगा। वहीं, पेंशनरों के बकाया भुगतान को लेकर जारी नए आदेश से वर्ष 2016 से जनवरी 2022 के बीच सेवानिवृत्त कर्मचारियों की अलग-अलग श्रेणियों को राहत मिलेगी।
तृतीय श्रेणी के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पूरा बकाया
वित्त (पेंशन) विभाग के 23 सितंबर, 2026 के कार्यालय ज्ञापन के अनुसार, एक जनवरी, 2016 से 31 जनवरी, 2022 के बीच सेवानिवृत्त तृतीय श्रेणी कर्मचारियों और पारिवारिक पेंशनरों को पेंशन एवं पारिवारिक पेंशन के बकाया की शेष 30 प्रतिशत राशि जारी करने के आदेश दिए गए हैं। इसके भुगतान के बाद इस श्रेणी के संबंधित पेंशनरों का पेंशन एरियर शून्य हो जाएगा, यानी उनका बकाया पूरा हो जाएगा।
प्रथम और द्वितीय श्रेणी के पेंशनरों को अतिरिक्त 15 प्रतिशत एरियर
इसी अवधि में सेवानिवृत्त प्रथम और द्वितीय श्रेणी के कर्मचारियों तथा पारिवारिक पेंशनरों को कुल बकाया पेंशन राशि का अतिरिक्त 15 प्रतिशत जारी करने का आदेश दिया गया है। यह भुगतान पहले जारी निर्देशों और निर्धारित शर्तों के अनुसार होगा। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि 21 सितंबर, 2026 को शेष एरियर जारी करने के संबंध में जारी पिछला आदेश वापस लिया जाता है।
अक्टूबर में पेंशन के साथ होगा भुगतान
वित्त विभाग ने पेंशन वितरण प्राधिकरणों और बैंकों को निर्देश दिए हैं कि संबंधित पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनरों का देय एरियर सितंबर 2026 की पेंशन के साथ, जिसका भुगतान अक्टूबर में होना है, जारी किया जाए। यदि किसी पेंशनर को पहले अतिरिक्त पेंशन या पारिवारिक पेंशन का भुगतान हुआ है और उसकी वसूली बनती है, तो उसे बकाया राशि से समायोजित करने के बाद शेष भुगतान किया जाएगा।
कर्मचारियों को नवंबर में मिलेगा बढ़ा हुआ डीए
दूसरी ओर, वित्त (विनियमन) विभाग की 23 अक्टूबर, 2026 की अधिसूचना के अनुसार, सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों का डीए 45 से बढ़ाकर 50 प्रतिशत किया गया है। इसमें एक प्रतिशत की वृद्धि एक जुलाई, 2023 से और चार प्रतिशत की वृद्धि एक जनवरी, 2024 से देय है। बढ़ा हुआ डीए अक्टूबर के वेतन के साथ नवंबर में नकद दिया जाएगा, जबकि एक जुलाई, 2023 से 30 सितंबर, 2026 तक के एरियर के भुगतान के लिए अलग से आदेश जारी होंगे।
ग्रुप-डी कर्मचारियों को 10 हजार रुपये नकद
सरकार ने नियमित ग्रुप-डी कर्मचारियों के संशोधित वेतनमान के तहत एक जनवरी, 2016 से देय एरियर में से 10 हजार रुपये नवंबर 2026 में नकद देने के भी आदेश जारी किए हैं। शेष एरियर के भुगतान पर पहले से लागू शर्तें बरकरार रहेंगी।











