Advertisement

भाजपा पांच गुटों में बंटी, अपने सर्वे में भी पार्टी की स्थिति देखे नेतृत्व: सुक्खू

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू (फाइल फोटो)
Spread the love

मुख्यमंत्री का दावा- भाजपा के 28 में से 16 विधायक नहीं जीतेंगे चुनाव, पिछली बार से कम सीटों पर सिमटेगी पार्टी


बीबीएमबी मामले में भी हिमाचल के पक्ष में फैसला आने की जताई उम्मीद

शिमला। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने भाजपा पर निशाना साधते हुए दावा किया कि पार्टी प्रदेश में पांच गुटों में बंटी हुई है और इससे भाजपा के भीतर खींचतान बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की मौजूदा स्थिति को लेकर दिल्ली का नेतृत्व भी चिंतित है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि भाजपा के अपने सर्वेक्षणों में भी पार्टी की स्थिति को लेकर सवाल उठे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के 28 विधायकों में से 16 विधायक अगला चुनाव नहीं जीत पाएंगे और पार्टी पिछली बार की तुलना में कम सीटें हासिल करेगी।


मुख्यमंत्री ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा के विभिन्न गुट अपने-अपने स्तर पर खुद को मजबूत करने में जुटे हैं। एक गुट जयराम ठाकुर को नेता प्रतिपक्ष के पद से हटाना चाहता है। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर आए दिन बयान देते हैं, जिन पर वह ज्यादा टिप्पणी नहीं करना चाहते।


बीबीएमबी मामले में हिमाचल को जीत की उम्मीद


मुख्यमंत्री ने भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) से जुड़े मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि इस मामले में फैसला सुरक्षित रखा गया है और प्रदेश सरकार को उम्मीद है कि आने वाले समय में हिमाचल के पक्ष में निर्णय आएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अपने अधिकारों के लिए लगातार लड़ाई लड़ रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा और केंद्र सरकार की ओर से इस मामले में हलफनामे दाखिल करवाए गए हैं, जबकि पंजाब सरकार की ओर से अलग रुख अपनाया गया है।


विभिन्न स्रोतों से चार हजार करोड़ की आय


मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने विभिन्न स्रोतों से करीब चार हजार करोड़ रुपये की आय प्राप्त की है। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के हितों की रक्षा करने और आर्थिक संसाधन बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।