नड्डा, अनुराग, जयराम और बिंदल समेत 12 नेता शामिल, श्रीकांत शर्मा और दर्शना सिंह विशेष आमंत्रित सदस्य;
शिमला। हिमाचल प्रदेश भाजपा ने अपनी नई प्रदेश कोर कमेटी का गठन कर दिया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के आदेशानुसार प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने 12 सदस्यीय कोर कमेटी की अधिसूचना जारी कर दी है। नई कमेटी में पार्टी के राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के दिग्गज नेताओं को जगह दी गई है।
हालांकि, इस सूची में हिमाचल भाजपा के दो बड़े और वरिष्ठ चेहरे पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल और शांता कुमार शामिल नहीं हैं। दोनों पूर्व मुख्यमंत्रियों का नाम कोर कमेटी से बाहर रहना राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।
नई कोर कमेटी में भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, प्रदेश महामंत्री संगठन सिद्धार्थन, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप, सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, विधायक एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधायक विपिन सिंह परमार, राज्यसभा सांसद एवं प्रदेश महामंत्री डॉ. सिकंदर कुमार, प्रदेश महामंत्री पायल वैद्य और संजीव कटवाल को शामिल किया गया है।
वहीं, भाजपा प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा और प्रदेश सह प्रभारी दर्शना सिंह को विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। इस तरह कमेटी में कुल 12 सदस्य और दो विशेष आमंत्रित सदस्य होंगे।
नई कोर कमेटी में संगठन के मौजूदा नेतृत्व के साथ पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसदों को भी प्रतिनिधित्व दिया गया है। लेकिन प्रदेश भाजपा के दो पूर्व मुख्यमंत्रियों प्रेम कुमार धूमल और शांता कुमार को जगह नहीं मिलने से नई टीम की राजनीतिक अहमियत और वरिष्ठ नेताओं की भूमिका को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।












