Advertisement

मुख्यमंत्री का भाजपा पर सियासी हमला: भाजपा पांच गुटों में बंटी, गुटों को जोड़ने के लिए हिमाचल लाने पड़े असम के मुख्यमंत्री : सुक्खू

Spread the love

बोले- अगले विधानसभा चुनाव में फिर बनेगी कांग्रेस सरकार, शपथ ग्रहण समारोह में हिमंत बिस्वा सरमा को भी देंगे न्योता; आरडीजी बंद होने के बावजूद आर्थिक व्यवस्था संभालने का किया दावा


शिमला। हिमाचल प्रदेश में भाजपा की ओर से आयोजित लोकतंत्र बचाओ रैली और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के आरोपों पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने तीखा पलटवार किया है। मुख्यमंत्री ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश भाजपा पांच गुटों में बंटी हुई है।

पार्टी के भीतर चल रही इस गुटबाजी को दूर करने और नेताओं को एकजुट करने के लिए ही भाजपा को असम के मुख्यमंत्री को हिमाचल लाना पड़ा। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में अगले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस फिर से सत्ता में आएगी और सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में असम के मुख्यमंत्री को भी आमंत्रित किया जाएगा।


सुक्खू ने हिमंत बिस्वा सरमा के उस बयान पर भी तंज कसा, जिसमें उन्होंने हिमाचल में अगली सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने की बात कही थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल में जब अगली बार कांग्रेस की सरकार बनेगी तो शपथ ग्रहण समारोह में सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को आमंत्रित किया जाएगा। इसमें असम के मुख्यमंत्री को भी न्योता भेजा जाएगा। उन्होंने भाजपा के चुनावी दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी के 16 विधायक अभी ऐसी स्थिति में नहीं हैं कि वे दोबारा चुनाव जीत सकें। चुनाव परिणाम आने पर उनके इस आकलन की सच्चाई सामने आ जाएगी।


ईवीएम के मुद्दे पर उठाए सवाल


ईवीएम को लेकर भाजपा की ओर से कांग्रेस पर किए जा रहे हमलों के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मुद्दे को समझने के लिए घटनाक्रम और समयक्रम पर गौर करना जरूरी है। हिमाचल प्रदेश में वर्ष 2022 में विधानसभा चुनाव हुए थे, जबकि ईवीएम को लेकर सवाल वर्ष 2024 के बाद उठाए गए। ऐसे में इस पूरे मामले को तथ्यों के आधार पर देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि राजनीतिक आरोप लगाने के बजाय यह समझना जरूरी है कि ईवीएम के विरोध का मुद्दा कब और किन परिस्थितियों में उठा।


आरडीजी बंद होने के बावजूद आर्थिक व्यवस्था संभालने का दावा


मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की आर्थिक नीतियों और व्यवस्था परिवर्तन के एजेंडे का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पिछले 75 वर्षों से प्रदेश को मिलने वाली राजस्व घाटा अनुदान (आरडीजी) व्यवस्था बंद होने के बावजूद सरकार ने आर्थिक चुनौतियों का सामना किया है। आरडीजी में करीब 8 से 10 हजार करोड़ रुपये की कमी आने के बावजूद प्रदेश की आर्थिक व्यवस्था को संभालना सरकार की बड़ी उपलब्धि है।


सुक्खू ने कहा कि हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रदेश के प्राकृतिक और आर्थिक संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल करना आवश्यक है। सरकार हिमाचल की संपदा और संसाधनों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, “हिमाचल की जो संपदा है, उस संपदा को न तो हम लुटने दे रहे हैं, न लूट रहे हैं, न लुटने देंगे और न ही लुटाएंगे।” मुख्यमंत्री के अनुसार, प्रदेश के हितों और संसाधनों की रक्षा करते हुए आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में सरकार अपने प्रयास जारी रखेगी।


दिल्ली की रैली को बताया लोकतंत्र की आवाज


दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस और विपक्षी दलों की ओर से आयोजित रैली पर मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की जिम्मेदारी जनता की आवाज उठाना है। रैलियां, आंदोलन और विरोध प्रदर्शन लोकतांत्रिक व्यवस्था का अहम हिस्सा हैं। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली की रैली में लाखों की संख्या में लोग पहुंचे और यह देखकर खुशी हुई कि जनता ने लोकतंत्र तथा मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से लिया।


मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के माध्यम से कथित तौर पर धांधली की जा रही है। कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी इस मुद्दे को उठा रहे हैं और इसके खिलाफ आवाज बुलंद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए कांग्रेस लगातार संघर्ष कर रही है। दिल्ली की रैली में हिमाचल प्रदेश से भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और लोगों ने भाग लिया। मुख्यमंत्री ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए विपक्ष की एकजुटता का प्रदर्शन बताया।