प्रोजेक्ट सर्कुलर भारत के तहत शहरी निकायों के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को दिया जाएगा प्रशिक्षण, नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन पर रहेगा जोर
शिमला। हिमाचल प्रदेश में ठोस कचरा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए शहरी विकास विभाग और हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड (एचयूएल) ने संयुक्त पहल शुरू की है। प्रोजेक्ट सर्कुलर भारत के तहत प्रदेशस्तरीय क्षमता संवर्धन कार्यक्रम चलाया जाएगा।
इसके माध्यम से प्रदेश के सभी शहरी स्थानीय निकायों के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के प्रावधानों के बारे में प्रशिक्षित किया जाएगा। इसका उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में प्रभावी, समावेशी और पर्यावरण अनुकूल कचरा प्रबंधन व्यवस्था विकसित करना है।
प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की क्षमता बढ़ाई जाएगी, ताकि वे अपने-अपने क्षेत्रों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़े नियमों को प्रभावी ढंग से लागू कर सकें। इसके साथ ही शहरी निकायों में संस्थागत समन्वय, नियमित निगरानी और स्थानीय जरूरतों के अनुरूप कचरा प्रबंधन की व्यवस्था विकसित करने पर भी जोर दिया जाएगा।
शहरी विकास एवं लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि सरकार का उद्देश्य शहरी स्थानीय निकायों को उनकी स्थानीय जरूरतों और प्राथमिकताओं के अनुसार प्रभावी कदम उठाने में सक्षम बनाना है।
ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए क्षमता संवर्धन, संस्थागत समन्वय और नियमित निगरानी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रोजेक्ट सर्कुलर भारत के तहत शुरू की गई यह पहल शहरी निकायों को सशक्त बनाने के साथ स्वच्छ, व्यवस्थित और पर्यावरण अनुकूल शहरी क्षेत्र विकसित करने में मदद करेगी।
मंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं, जिससे कई क्षेत्रों में कचरे की मात्रा भी बढ़ती है। ऐसे में ठोस अपशिष्ट का उचित प्रबंधन जरूरी है। सरकार इस दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत केंद्र सरकार भी प्रदेश के संबंधित विभागों को सहयोग प्रदान कर रही है।












