युवाओं के सुझाव नादौन के विकास को देंगे नई दिशा : सुक्खू
शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने रविवार को अपने आधिकारिक आवास ‘ओक ओवर’ में नादौन विधानसभा क्षेत्र के विद्यार्थियों और हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों में शोध कर रहे पीएचडी शोधार्थियों के प्रतिनिधिमंडल से संवाद किया। इस दौरान विद्यार्थियों के भविष्य, शिक्षा व्यवस्था और नादौन क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल को आधुनिक शिक्षा और कुशल मानव संसाधन का केंद्र बनाने के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। सरकारी शिक्षण संस्थानों को प्रदेश की शैक्षणिक प्रगति का आधार बताते हुए उन्होंने कहा कि इन संस्थानों में शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने के साथ-साथ आधुनिक आधारभूत ढांचा विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों में सीबीएसई प्रणाली शुरू करना, डॉ. वाई.एस. परमार विद्यार्थी ऋण योजना के तहत विद्यार्थियों को एक प्रतिशत ब्याज दर पर शिक्षा ऋण उपलब्ध करवाना तथा शिक्षकों के रिक्त पदों को भरने जैसे निर्णय शिक्षा क्षेत्र में महत्वपूर्ण बदलाव ला रहे हैं।
सुक्खू ने कहा कि युवाओं की प्रतिभा, नए विचार और उनके सुझाव नादौन के विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों और शोधार्थियों से शिक्षा एवं शोध के साथ-साथ क्षेत्र के विकास में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों और शोधार्थियों ने नादौन के विकास के लिए मुख्यमंत्री को अपना पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।











