Advertisement

नेरवा में अब आपदा पर तत्काल एक्शन, 55 हजार लोगों को मिलेगी अग्निशमन सेवा

Spread the love
मुख्यमंत्री सुक्खू ने अग्निशमन चौकी का वर्चुअल लोकार्पण किया, 17 नए पद और दो वाहन स्वीकृत; गांवों में शहर जैसी सुविधाएं देने का सरकार का दावा


शिमला। जिला शिमला के दूरदराज क्षेत्र नेरवा में अब आगजनी, भूस्खलन और अन्य आपदाओं से निपटने के लिए स्थानीय स्तर पर त्वरित राहत एवं बचाव व्यवस्था उपलब्ध होगी। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने सोमवार को शिमला से वर्चुअल माध्यम से नवनिर्मित अग्निशमन चौकी नेरवा का लोकार्पण किया। इस चौकी से नेरवा और आसपास के क्षेत्रों के करीब 55 हजार लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।


मुख्यमंत्री ने कहा कि नेरवा में अग्निशमन चौकी की स्थापना केवल आग की घटनाओं तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि भारी बारिश, भूस्खलन और अन्य आपात परिस्थितियों में भी यह राहत एवं बचाव कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। चौकी के लिए 17 नए पद स्वीकृत किए गए हैं और जल्द ही दो अग्निशमन वाहन भी उपलब्ध करवाए जाएंगे। विभाग की ओर से एक वाटर टेंडर टाइप-बी वाहन पहले ही आवंटित किया गया है, जिसकी खरीद पर 59 लाख रुपये खर्च हुए हैं।


पहले घंटों लगते थे, अब स्थानीय स्तर पर होगी कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले नेरवा क्षेत्र में आगजनी या आपदा की घटनाओं पर चौपाल, देहा, ठियोग और शिमला से अग्निशमन वाहन भेजने पड़ते थे। लंबी दूरी के कारण कई बार वाहनों को घटनास्थल तक पहुंचने में कई घंटे लग जाते थे। अब स्थानीय अग्निशमन चौकी स्थापित होने से आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई संभव होगी।


उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र के पारंपरिक लकड़ी के मकानों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और बहुमूल्य सेब बगीचों को आगजनी की स्थिति में समय रहते बचाने में मदद मिलेगी।


गांवों में शहर जैसी सुविधाएं देने पर जोर


मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ गांवों में रहने वाले लोगों को घर-द्वार के नजदीक शहर जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में मिल्क प्लांट स्थापित करने के लिए सरकार आवश्यक धनराशि उपलब्ध करवाएगी।

इसके लिए एफसीए की अनुमति प्राप्त करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि लोगों को एक ही छत के नीचे विभिन्न सरकारी सेवाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से चौपाल मिनी सचिवालय के लिए दो करोड़ रुपये तथा नेरवा और कुपवी मिनी सचिवालयों के लिए दो-दो करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।


वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी


नेरवा में मौजूद कांग्रेस नेता रजनीश किमटा ने अग्निशमन चौकी के लोकार्पण के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग थी, जिसके पूरा होने से नेरवा सहित आसपास के क्षेत्रों की आपातकालीन सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी। उन्होंने मुख्यमंत्री को चौपाल विधानसभा क्षेत्र का दौरा करने का निमंत्रण भी दिया।


इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य सचिव आर.डी. नजीम, डीजी होमगार्ड सतवंत अटवाल और अग्निशमन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।