ग्रामीण व दूरदराज के विद्यार्थियों को मिलेंगी स्मार्ट कक्षाएं, खेल सुविधाएं, पौष्टिक भोजन और आधुनिक शिक्षण व्यवस्था; सरकारी स्कूलों में 24 हजार विद्यार्थियों ने लिया प्रवेश
शिमला। प्रदेश में शैक्षणिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और ग्रामीण एवं दूरदराज क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने छह राजकीय स्कूलों को राजीव गांधी राजकीय मॉडल डे-बोर्डिंग स्कूल के रूप में स्तरोन्नत करने का निर्णय लिया है।
इनमें मंडी जिले के करसोग विधानसभा क्षेत्र का राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय करसोग (सीबीएसई), रामपुर विधानसभा क्षेत्र का राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रामपुर बुशहर (सीबीएसई), रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र का राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रोहड़ू (एचपीबीओएसई), शिमला जिले के चौपाल विधानसभा क्षेत्र का राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चौपाल (सीबीएसई), सिरमौर के श्री रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र का राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नोहराधार (सीबीएसई) तथा ऊना विधानसभा क्षेत्र का राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बहडाला (एचपीबीओएसई) शामिल हैं।
राजीव गांधी राजकीय मॉडल डे-बोर्डिंग स्कूल योजना के तहत विद्यार्थियों को हाईटेक स्मार्ट कक्षाएं, खेल मैदान, इंडोर स्टेडियम, पौष्टिक भोजन और स्विमिंग पूल जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर जोर दिया जा रहा है। सरकार का कहना है कि इससे सरकारी शिक्षण संस्थानों का स्तर बेहतर होगा और ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ेगा।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2021 में केंद्र सरकार द्वारा करवाए गए सर्वेक्षण में हिमाचल प्रदेश गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के क्षेत्र में 21वें स्थान पर था, जबकि अब प्रदेश इस क्षेत्र में पांचवें स्थान पर पहुंच गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी स्कूलों में सीबीएसई पाठ्यक्रम शुरू करने के भी सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक सुविधाओं के चलते करीब 24 हजार विद्यार्थियों ने निजी स्कूलों से सरकारी स्कूलों में प्रवेश लिया है। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।











