Advertisement

धर्मशाला में विधायक सुधीर शर्मा ने दो स्थानों पर फहराया तिरंगा

Spread the love
80वें स्वतंत्रता दिवस पर रक्कड़ भाजपा कार्यालय और फव्वारा चौक में हुए कार्यक्रम, विकसित भारत के संकल्प में हर नागरिक की भागीदारी का किया आह्वान



धर्मशाला। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भाजपा विधायक सुधीर शर्मा ने रक्कड़ स्थित भाजपा कार्यालय में पूर्व सैनिकों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस दौरान उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों तथा देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को नमन करते हुए प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।


इसके बाद सुधीर शर्मा ने धर्मशाला के फव्वारा चौक पर व्यापार मंडल कोतवाली बाजार और स्थानीय निवासियों के साथ ध्वजारोहण किया। इस दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के उद्घोष से पूरा वातावरण देशभक्ति से सराबोर रहा।
विधायक ने कहा कि भारत की स्वतंत्रता असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान का परिणाम है।

स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि उन महान योद्धाओं को याद करने और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को दोहराने का दिन भी है। देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का सर्वोच्च दायित्व है।


सुधीर शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि पिछले वर्षों में भारत ने विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से प्रगति की है और आज विश्व में भारत का गौरव और प्रभाव बढ़ा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों में आत्मविश्वास तथा राष्ट्र प्रथम की भावना को मजबूत किया है।


उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर और विकसित भारत का संकल्प अब जन-जन का संकल्प बन चुका है। आधारभूत ढांचे, रक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, डिजिटल अर्थव्यवस्था और जनकल्याण के क्षेत्र में देश लगातार आगे बढ़ रहा है। भारत आज वैश्विक मंच पर मजबूती के साथ अपनी बात रख रहा है।


सुधीर शर्मा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश वीरभूमि है। प्रदेश के हजारों जवानों ने देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए अदम्य साहस और शौर्य का परिचय दिया है। पूर्व सैनिकों की उपस्थिति में राष्ट्रीय ध्वज फहराना उनके लिए विशेष गौरव का क्षण है।


उन्होंने युवाओं से स्वतंत्रता सेनानियों और वीर जवानों के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक अपने क्षेत्र में ईमानदारी, जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य करे तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।


अंत में उन्होंने सभी देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्र को सर्वोपरि रखते हुए भारत को और अधिक सशक्त, समृद्ध एवं आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।