Advertisement

चंबा मेडिकल कॉलेज में लगेगी 3 टेस्ला एमआरआई मशीन, 40 स्टाफ नर्सों की होगी तैनाती: मुख्यमंत्री

Spread the love
फैकल्टी मजबूत करने के लिए नियमों में मिलेगी छूट, 20 आईसीयू बेड और आधुनिक उपकरणों की भी घोषणा


चंबा। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने रविवार को चंबा चिकित्सा महाविद्यालय के फैकल्टी सदस्यों और विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए संस्थान में स्वास्थ्य सुविधाओं के व्यापक विस्तार की घोषणा की। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में एम्स, नई दिल्ली की तर्ज पर अत्याधुनिक 3 टेस्ला एमआरआई मशीन स्थापित की जाएगी। इसके साथ ही नई एक्स-रे मशीन, अत्याधुनिक लेप्रोस्कोपिक उपकरण और सीटी स्कैन मशीन भी उपलब्ध कराई जाएगी।


मुख्यमंत्री ने कहा कि चंबा चिकित्सा महाविद्यालय में फैकल्टी को सुदृढ़ करने के लिए आवश्यकता पड़ने पर नियमों में छूट दी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को 20 आईसीयू बेड स्थापित करने के लिए शीघ्र प्रस्ताव तैयार कर सरकार को भेजने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि फैकल्टी मजबूत होने के बाद संस्थान में रोबोटिक सर्जरी की सुविधा शुरू करने की संभावनाएं भी तलाश की जाएंगी।


उन्होंने अगले 10 दिनों के भीतर मेडिकल कॉलेज में 40 स्टाफ नर्सों की तैनाती की घोषणा की। इसके अलावा रेडियोग्राफर और अन्य तकनीकी कर्मचारियों की नियुक्ति भी की जाएगी ताकि मरीजों को बेहतर और प्रभावी स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार चिकित्सकों को विदेश में एक्सपोजर विजिट पर भेजने की नीति तैयार कर रही है। इससे डॉक्टरों को आधुनिक चिकित्सा तकनीकों और विकसित देशों की स्वास्थ्य प्रणालियों का अनुभव मिलेगा, जिसका लाभ प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा।


उन्होंने बताया कि प्रदेश में स्वास्थ्य अवसंरचना को मजबूत करने के लिए लगभग 3,000 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से न केवल प्रदेशवासियों को लाभ मिलेगा, बल्कि हिमाचल में स्वास्थ्य पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेजों में फैकल्टी और विद्यार्थियों से संवाद कर रही है तथा प्राप्त सुझावों को नीति निर्माण में शामिल किया जा रहा है।

उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष के अंत तक सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों में स्वास्थ्य सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार सुनिश्चित किया जाएगा।


उन्होंने बताया कि चंबा चिकित्सा महाविद्यालय में कार्डियोलॉजी विभाग की स्थापना हो चुकी है। इसके अलावा 23 सीनियर रेजिडेंट और 28 पीजी सीटें स्वीकृत की गई हैं। सीनियर रेजिडेंट छात्रावास के निर्माण के लिए 18.98 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं। साथ ही पीजी और एसआर चिकित्सकों के स्टाइपेंड में वृद्धि तथा डीएचएस और डीएमई कैडर को अलग करने जैसे निर्णय भी लिए गए हैं।


इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, विधायक नीरज नैय्यर, हरदीप बावा और डी.एस. ठाकुर, पूर्व मंत्री आशा कुमारी, उपायुक्त मुकेश रेपसवाल, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. पंकज गुप्ता सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।