26 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास, अस्पताल, सड़कें, पुल, पार्किंग और संपर्क मार्गों पर रहेगा फोकस
चंबा। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने रविवार को चंबा विधानसभा क्षेत्र के लिए 333.25 करोड़ रुपये की लागत की 26 विकासात्मक परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें स्वास्थ्य, सड़क, पुल, संपर्क मार्ग, पार्किंग और औषधि भंडार जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने 158 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, चंबा के 200 बिस्तरों वाले अत्याधुनिक भवन का लोकार्पण किया। इसके अलावा शाहपुर-सिहुंता-चुवाड़ी-चंबा सड़क (14.11 करोड़), परेल-कोहलड़ी सड़क (13.65 करोड़), परेल मार्ग से चंबा-बनीखेत सड़क (11.53 करोड़), लुड्डू-घरमाड़ी सड़क (6.85 करोड़), सराहन-रान सड़क (5.78 करोड़), भनेरा-देवीदेहरा-रठियार-मनकोट सड़क (5.68 करोड़) के उन्नयन तथा करियां-भरियां-कोठी सड़क पर रावी नदी पर बने 4.61 करोड़ रुपये के बॉक्स गर्डर पुल का भी लोकार्पण किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 25 करोड़ रुपये की लागत से चंबा के भगत में बनने वाली वाहन पार्किंग (प्रथम चरण) का शिलान्यास भी किया। इसके अलावा द्रबला, सनोथा, साच-फतेहपुर, नाणु, द्रड़ा सेरू, घरग्राम, घतरेड़, छांजून, रुंडेगा, बसोधन, मानकोट सहित विभिन्न गांवों के संपर्क मार्गों तथा मंगला-ओहली-भरियां-कपाड़ा-जरीन, चंबा-मलूना-कठना, राजेरा-बैली और करियां-बैली सड़कों के निर्माण कार्यों की आधारशिला रखी।
मुख्यमंत्री ने सरोल स्थित कुष्ठ अस्पताल परिसर में 3.72 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले जिला औषधि भंडार एवं टीकाकरण भंडार का भी शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के दूरदराज क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य, सड़क और आधारभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से चंबा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी, संपर्क व्यवस्था बेहतर होगी और लोगों को आवागमन व अन्य बुनियादी सुविधाओं का सीधा लाभ मिलेगा।











