रावी नदी में परंपरा अनुसार मिंजर अर्पित कर प्रदेश व देश की सुख-समृद्धि और अच्छी फसल की कामना की
चंबा। जिला चंबा में आयोजित सप्ताहभर चलने वाले अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले का रविवार को पारंपरिक रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक वैभव के साथ समापन हुआ। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने अखंड चंडी पैलेस से मंजरी गार्डन तक निकाली गई पारंपरिक मिंजर शोभायात्रा का नेतृत्व किया। इसके बाद उन्होंने परंपरा के अनुसार रावी नदी में मिंजर का विसर्जन किया।
मुख्यमंत्री स्थानीय देवी-देवताओं की भव्य शोभायात्रा में भी शामिल हुए। शोभायात्रा में सांस्कृतिक दलों, पारंपरिक वेशभूषा में सजे महिला-पुरुषों, पर्यटकों, पारंपरिक वाद्य यंत्र बजाने वाले कलाकारों के साथ हिमाचल प्रदेश पुलिस और होमगार्ड के जवानों ने भाग लिया। पूरे आयोजन ने चंबा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और लोक परंपराओं की आकर्षक झलक प्रस्तुत की।
सदियों पुरानी परंपरा का निर्वहन करते हुए मुख्यमंत्री ने लाल वस्त्र में बंधे नारियल, मौसमी फल और सिक्के सहित मिंजर को रावी नदी को अर्पित किया तथा प्रदेश और देश में शांति, समृद्धि एवं अच्छी फसल की कामना की।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया, विधायक नीरज नैय्यर, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत भरमौरी, एपीएमसी चंबा के अध्यक्ष ललित ठाकुर, कांग्रेस नेता यशवंत खन्ना, अमित भरमौरी, उपायुक्त मुकेश रेपसवाल, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।











