प्रदेश की सभी 68 विधानसभा सीटों पर चलेगा अभियान, संगठन मजबूत करने पर पार्टी का जोर
शिमला। हिमाचल प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने रविवार से प्रदेशव्यापी सदस्यता अभियान शुरू किया है। यह अभियान राज्य की सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में चलाया जा रहा है। शिमला में भी पार्टी कार्यकर्ता घर-घर और सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर लोगों को पार्टी की नीतियों से अवगत करा रहे हैं और नए सदस्यों को जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं।
आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एवं शिमला शहर प्रभारी डॉ. राजेश चानना ने बताया कि सदस्यता अभियान का उद्देश्य प्रदेशभर में संगठन का विस्तार करना और अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ना है। उन्होंने लोगों से पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार और हिमाचल की कांग्रेस सरकार के कामकाज का मूल्यांकन करने की अपील की।
डॉ. चानना ने कांग्रेस और भाजपा दोनों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि दोनों दलों के शासनकाल में प्रदेश अपेक्षित विकास नहीं कर पाया। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी हिमाचल की राजनीति में जनता को एक मजबूत तीसरा विकल्प देने के उद्देश्य से काम कर रही है।
पार्टी का कहना है कि सदस्यता अभियान के माध्यम से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत किया जाएगा और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं का नेटवर्क तैयार किया जाएगा।
गौरतलब है कि वर्ष 2022 के हिमाचल विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 67 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे, लेकिन पार्टी कोई सीट जीतने में सफल नहीं हुई थी और अधिकांश उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई थी।
ऐसे में 2027 के चुनाव से पहले यह सदस्यता अभियान पार्टी के लिए अपनी राजनीतिक मौजूदगी मजबूत करने की महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।











