Advertisement

विश्व स्कार्फ दिवस पर आरजीजीडी कॉलेज कोटशेरा में चला स्वच्छता अभियान

Spread the love
36 रोवर्स-रेंजर्स ने परिसर की सफाई की, स्काउटिंग गतिविधियों और चित्रकला प्रतियोगिता में लिया भाग

शिमला। राजीव गांधी राजकीय डिग्री कॉलेज (आरजीजीडी), कोटशेरा में भारत स्काउट्स एंड गाइड्स हिमाचल प्रदेश (बीएसजीएचपी) इकाई की ओर से विश्व स्कार्फ दिवस के अवसर पर स्वच्छता अभियान और विभिन्न कौशल गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 36 रोवर्स एवं रेंजर्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।


कार्यक्रम की शुरुआत स्काउटिंग में स्कार्फ के इतिहास और उसके महत्व पर जानकारी देने वाले सत्र से हुई। इस दौरान सुजल गौतम और ड्रिल प्रशिक्षक विशाल ठाकुर ने प्रतिभागियों को स्कार्फ बांधने और फ्रेंडशिप नॉट बनाने का प्रशिक्षण दिया। अध्यक्ष नितिन वर्मा और सचिव साक्षी सहोता ने स्वयंसेवकों को दिनभर की गतिविधियों की रूपरेखा से अवगत कराया।


शिक्षक प्रभारी आशीष नेगी के मार्गदर्शन में स्वयंसेवकों को अलग-अलग दलों में विभाजित किया गया। मोनिका, साक्षी, सृष्टि और आजाद के नेतृत्व में टीमों ने कॉलेज परिसर के बास्केटबॉल क्षेत्र की सफाई की, कचरा एकत्रित किया तथा अनावश्यक घास हटाकर स्वच्छता का संदेश दिया।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कॉलेज के प्राचार्य गोपाल चौहान रहे। उन्होंने बीएसजीएचपी इकाई की पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों में अनुशासन, स्वच्छता, सेवा भावना और सामाजिक जिम्मेदारी का विकास करती हैं। उन्होंने छात्रों से भविष्य में भी समाज और पर्यावरण हित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।


कार्यक्रम का समापन स्काउटिंग एवं स्वच्छता विषय पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता और प्रतिभागियों के लिए जलपान के साथ हुआ। इस दौरान अध्यक्ष निधि भट्टी और रेंजर लीडर नेहा शर्मा ने भी गतिविधियों की निगरानी की।