शिक्षकों की मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान
शिमला। हिमाचल प्रदेश राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ का क्रमिक अनशन सोमवार को नौवें दिन भी शिक्षा निदेशालय, शिमला में जारी रहा। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षकों की न्यायोचित मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
सोमवार को क्रमिक अनशन में जिला सिरमौर इकाई के पदाधिकारियों ने भाग लिया। इनमें जिला अध्यक्ष जय प्रकाश, महासचिव चतर सिंह, कोषाध्यक्ष धर्मेंद्र कश्यप, महालेखाकार सुधीर ठाकुर और खंड महासचिव रामलाल शर्मा शामिल रहे। सभी पदाधिकारियों ने शिक्षकों के अधिकारों की रक्षा और लंबित मांगों को पूरा करने की मांग दोहराई।
संघ ने कहा कि यह आंदोलन 11 जुलाई 2026 को शुरू हुई ‘न्याय यात्रा’ का विस्तार है। शिक्षक पैदल यात्रा करते हुए शिमला पहुंचे थे और 26 जुलाई को चौड़ा मैदान में विशाल धरना देने के बाद शिक्षा निदेशालय के बाहर क्रमिक अनशन शुरू किया गया।
राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ की राज्य कार्यकारिणी ने कहा कि सरकार से कई बार मांगों के समाधान की अपील की गई है, लेकिन अभी तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। ऐसे में शिक्षकों का आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक उनकी न्यायसंगत मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होती।











