Advertisement

4 अगस्त को शिमला में भाजपा विधायक दल की बैठक, कांग्रेस सरकार को घेरने की रणनीति बनेगी

Spread the love
विधानसभा सत्र से पहले विपक्ष का मंथन, कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और जनहित के मुद्दों पर होगी चर्चा


शिमला। आगामी विधानसभा सत्र से पहले भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस सरकार को घेरने की तैयारी तेज कर दी है। भाजपा विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक 4 अगस्त को शाम 7 बजे शिमला के होटल मरीना में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित होगी। बैठक में विधानसभा के भीतर और बाहर सरकार के खिलाफ रणनीति तैयार की जाएगी।


भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी एवं विधायक रणधीर शर्मा ने बताया कि बैठक में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। प्रदेश के सभी भाजपा विधायक इसमें भाग लेंगे और आगामी विधानसभा सत्र के साथ-साथ प्रदेश से जुड़े विभिन्न जनहित के मुद्दों पर चर्चा करेंगे।


रणधीर शर्मा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के लगभग चार वर्षों के कार्यकाल में प्रदेश की जनता निराश हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार ने विकास और सुशासन के बजाय राजनीतिक प्रतिशोध, भ्रष्टाचार और जनविरोधी निर्णयों को बढ़ावा दिया है। भाजपा विधायक दल इन सभी मुद्दों पर विस्तृत रणनीति तैयार करेगा और विधानसभा में तथ्यों के साथ सरकार को घेरने का काम करेगा।


उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष की आवाज दबाने के लिए प्रशासन का दुरुपयोग किया जा रहा है और भाजपा नेताओं, विधायकों तथा जनप्रतिनिधियों के खिलाफ चुनिंदा कार्रवाई की जा रही है। इससे लोकतांत्रिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है।


भाजपा ने सरकार पर भ्रष्टाचार को संरक्षण देने का भी आरोप लगाया। रणधीर शर्मा ने कहा कि सरकारी भर्तियों, ठेकों और प्रशासनिक निर्णयों में लगातार अनियमितताओं के आरोप सामने आ रहे हैं, जबकि जनता से जुड़े मुद्दों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की आर्थिक स्थिति बिगड़ रही है और विकास कार्य प्रभावित हुए हैं।


उन्होंने बताया कि विधायक दल की बैठक में कानून-व्यवस्था, युवाओं की समस्याएं, बेरोजगारी, कर्मचारियों के मुद्दे, किसानों और बागवानों की परेशानियां, बंद किए गए संस्थान, महंगाई तथा कांग्रेस सरकार की नीतियों पर भी विस्तार से चर्चा होगी। इन सभी विषयों को आगामी विधानसभा सत्र में प्रमुखता से उठाया जाएगा।


रणधीर शर्मा ने कहा कि भाजपा प्रदेश की जनता के हितों के लिए संघर्ष जारी रखेगी और कांग्रेस सरकार की नीतियों, कथित भ्रष्टाचार तथा राजनीतिक प्रतिशोध के मुद्दों को हर स्तर पर उठाएगी।