Advertisement

AICC महासचिव के. सी. वेणुगोपाल के हिमाचल दौरे का शेड्यूल बदला, अब 8 अगस्त से संभालेंगे संगठन की कमान

Spread the love
16 अगस्त के बजाय 8 अगस्त को दो दिवसीय दौरे पर आएंगे वेणुगोपाल, मिशन-2027 की तैयारियों और संगठन-सरकार के समन्वय पर होगा मंथन


शिमला। हिमाचल प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के संगठन महासचिव के. सी. वेणुगोपाल का हिमाचल दौरा अब पहले से तय कार्यक्रम से पहले होगा। उनका प्रस्तावित दौरा 16 अगस्त के बजाय अब 8 अगस्त से होगा। वे लगभग डेढ़ दिन तक प्रदेश में रहकर सरकार और संगठन के साथ मैराथन बैठकें करेंगे।


हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनय कुमार ने दौरे की पुष्टि करते हुए बताया कि के. सी. वेणुगोपाल 8 अगस्त को हिमाचल पहुंचेंगे। उनका प्रवास करीब डेढ़ दिन का रहेगा, जिसमें एक पूरा दिन और आधा दिन संगठनात्मक बैठकों के लिए निर्धारित रहेगा। दौरे के बाद वे दिल्ली लौट जाएंगे।
सूत्रों के अनुसार, बैठकों के आयोजन स्थल पर अभी अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। परवाणू और कसौली में से किसी एक स्थान पर उच्चस्तरीय बैठकें आयोजित किए जाने की संभावना है। हालांकि, अंतिम कार्यक्रम जल्द जारी किया जाएगा।


दौरे के दौरान मुख्यमंत्री, प्रदेश सरकार के मंत्रियों, कांग्रेस विधायकों, राजनीतिक मामलों की समिति (Political Affairs Committee), जिला अध्यक्षों, फ्रंटल संगठनों तथा विभिन्न विभागों के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठकें होंगी। इन बैठकों में संगठन की मौजूदा स्थिति, सरकार और संगठन के बीच समन्वय तथा आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।


प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि कांग्रेस हाईकमान के हर दौरे का उद्देश्य संगठन की समीक्षा और भविष्य की रणनीति तय करना होता है। इस बार भी मुख्य फोकस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और ‘मिशन-2027’ के लिए स्पष्ट रोडमैप तैयार करने पर रहेगा।


गौरतलब है कि इससे पहले भी के. सी. वेणुगोपाल संगठन सृजन अभियान के तहत कांगड़ा में आयोजित जिला कांग्रेस अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर को संबोधित कर चुके हैं। ऐसे में उनका यह दौरा हिमाचल कांग्रेस की चुनावी तैयारियों के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।