2026 की सबसे बड़ी हेरोइन बरामदगी, हरियाणा से शिमला सप्लाई करने पहुंचा था आरोपी; पुलिस ने डिलीवरी से पहले ही दबोचा
शिमला। जिला शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत वर्ष 2026 की अब तक की सबसे बड़ी हेरोइन बरामदगी करते हुए करीब 1.120 किलोग्राम हाई ग्रेड हेरोइन के साथ हरियाणा के एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब छह करोड़ रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 3 अगस्त को स्पेशल सेल ने गुप्त सूचना के आधार पर जिला सीमा शोघी के पास नाकाबंदी कर विजय कुमार (22), निवासी नारायणगढ़, जिला अंबाला (हरियाणा) को गिरफ्तार किया। आरोपी हरियाणा से शिमला में हेरोइन की बड़ी खेप सप्लाई करने आया था और तारा देवी क्षेत्र में अपने संपर्कों तक इसे पहुंचाने की तैयारी में था। इससे पहले ही पुलिस ने उसे धर दबोचा। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर नेटवर्क की गहन जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि यह केवल एक बरामदगी नहीं, बल्कि प्रदेश में सक्रिय अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई है। जांच में बैकवर्ड लिंकेज, तकनीकी एवं वित्तीय पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है, ताकि पूरे नेटवर्क को ध्वस्त किया जा सके।
रणनीति बदली, परिणाम भी बड़े
जिला शिमला पुलिस ने वर्ष 2026 में नशा तस्करी के खिलाफ अपनी कार्यप्रणाली में बड़ा बदलाव किया है। अब केवल अधिक एफआईआर दर्ज करने के बजाय बड़ी बरामदगी, मुख्य सप्लायरों की गिरफ्तारी, बैकवर्ड लिंकेज, तकनीकी व वित्तीय जांच और अंतरराज्यीय नेटवर्क को खत्म करने पर विशेष फोकस किया जा रहा है। साथ ही आदतन तस्करों पर PIT-NDPS Act के तहत भी कार्रवाई की जा रही है।
2026 में लगातार बड़ी कार्रवाई
इसी रणनीति के तहत मार्च में एक करोड़ रुपये मूल्य के 562 एलएसडी स्टैम्प, मार्च में 288 ग्राम हेरोइन, अप्रैल में करीब 11.5 किलोग्राम अफीम और 53 लाख रुपये की अवैध संपत्ति जब्त की गई। मई में 309 ग्राम, जून में 131 ग्राम हेरोइन व 27 ग्राम आईस (मेथामफेटामाइन) तथा जुलाई में 242 ग्राम हेरोइन बरामद कर कई अंतरराज्यीय सप्लाई नेटवर्क का पर्दाफाश किया गया।
चार किलो से ज्यादा हेरोइन जब्त
पुलिस के मुताबिक वर्ष 2026 में अब तक जिला शिमला पुलिस 4 किलोग्राम से अधिक हेरोइन, 14 किलोग्राम अफीम, 15 किलोग्राम चरस, 5 किलोग्राम से अधिक पोस्त, 11.6 ग्राम एलएसडी, करीब 60 ग्राम मेथामफेटामाइन (आईस) तथा 10 लाख से अधिक अवैध भांग के पौधे बरामद या नष्ट कर चुकी है।
पुलिस का दावा है कि इस वर्ष की हेरोइन बरामदगी पिछले दो वर्षों की कुल बरामदगी से लगभग चार गुना अधिक है।











