भाजपा विधायक बिक्रम ठाकुर ने उठाया मामला, प्रभावित परिवारों को मिली 1.70 लाख की राहत; विशेष पैकेज की मांग
शिमला। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विधानसभा में कहा कि भूस्खलन से प्रभावित परिवारों के मकानों को हुए नुकसान की पूरी रिपोर्ट मंगवाई जाएगी। यदि मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त पाए जाते हैं तो सरकार की नीति के अनुसार मकान बनाने के लिए सात लाख रुपये तक की सहायता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि नुकसान का आकलन करने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह मामला भाजपा विधायक बिक्रम सिंह ठाकुर ने विधानसभा के मानसून सत्र में जीरो आवर के दौरान उठाया। उन्होंने बताया कि उनके विधानसभा क्षेत्र में पिछले साल भारी भूस्खलन के कारण पहाड़ का बड़ा हिस्सा खिसक गया था, जिससे कई लोगों के मकानों में दरारें आईं और कुछ मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
बिक्रम ठाकुर ने बताया कि प्रभावित परिवारों को अब तक करीब 1.70 लाख रुपये की राहत राशि मिली है, जबकि कई परिवारों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने सरकार से इन परिवारों के लिए विशेष राहत पैकेज देने की मांग की।
उन्होंने कहा कि कुन्ना और पीरनुई पंचायतों में कई परिवार इस आपदा से प्रभावित हुए हैं। सामान्य राहत राशि उनके वास्तविक नुकसान के मुकाबले काफी कम है। उन्होंने सरकार से विभाग को निर्देश देकर प्रभावित मकानों का दोबारा मौके पर आकलन करवाने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि किसी परिवार का मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है तो सरकार की ओर से निर्धारित प्रावधानों के तहत सात लाख रुपये तक की सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने उपायुक्त को पूरी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश देने की बात कही।
मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि रिपोर्ट और नुकसान के आकलन के बाद प्रभावित परिवारों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध करवाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।











