Advertisement

सड़क बहाल होते ही बंजार की बंद रूटों पर तुरंत चलेंगी बसें : उपमुख्यमंत्री

Spread the love

बंजार की 11 पंचायतों में बस सेवा ठप होने का मामला सदन में उठा


गाड़ागुशैणी सड़क पर डंगा गिरने से आठ-दस पंचायतों की आवाजाही प्रभावित

उपमुख्यमंत्री बोले- पीडब्ल्यूडी से सहमति मिलते ही परिवहन विभाग तत्काल बसें चलाएगा

शिमला। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बंजार विधानसभा क्षेत्र में आपदा के कारण बंद हुई सड़कों को लोक निर्माण विभाग से बहाल करवाकर जैसे ही बस संचालन की अनुमति मिलेगी, परिवहन विभाग तत्काल बस सेवा शुरू कर देगा। उन्होंने कहा कि लोगों की सुरक्षा के साथ समझौता नहीं किया जा सकता। जिस सड़क पर पीडब्ल्यूडी की ओर से सहमति पत्र मिल जाएगा, वहां बसें तुरंत चलाई जाएंगी।


दरअसल, बंजार के विधायक सुरेंद्र सौरवी ने सदन में आपदा के कारण बंद हुई बस सेवाओं का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि उनकी विधानसभा क्षेत्र की करीब 11 पंचायतों में बसें नहीं चल रही हैं, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


गाड़ागुशैणी मार्ग पर डंगा गिरने से संपर्क प्रभावित


विधायक ने बताया कि बंजार से गाड़ागुशैणी जाने वाली मुख्य सड़क पर एक डंगा गिरने के कारण मार्ग बंद है। इस सड़क से करीब आठ-दस पंचायतें जुड़ी हुई हैं। उन्होंने कहा कि सड़क के दूसरी तरफ बसों और यात्रियों को एक्सचेंज करने की वैकल्पिक व्यवस्था संभव है, लेकिन विभाग ने पहले सड़क में फंसी दो-तीन बसों को वापस बुला लिया।


इसके बाद ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की आवाजाही के लिए कोई पर्याप्त सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध नहीं है। मजबूरी में लोगों को टैक्सी का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे उन्हें काफी अधिक किराया देना पड़ रहा है।


दो बसें दोनों तरफ रखने की मांग


विधायक ने कहा कि सड़क पर डंगा लगाने और स्थायी बहाली में करीब दो से ढाई साल तक का समय लग सकता है। ऐसे में उन्होंने सरकार से मांग की कि वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर सड़क के दोनों तरफ एक-एक बस रखी जाए, ताकि ग्रामीण यात्रियों को बीच में बस बदलकर गंतव्य तक पहुंचने की सुविधा मिल सके।


विधायक ने बताया कि क्षेत्र की पंचायतों ने भी इस संबंध में प्रस्ताव पारित कर सरकार से बस सेवा बहाल करने की मांग की है।

पीडब्ल्यूडी से सहमति मिलते ही बस चलाएंगे : उपमुख्यमंत्री

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि परिवहन विभाग किसी भी ऐसी सड़क पर बस नहीं भेज सकता, जहां सड़क की स्थिति सुरक्षित नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोक निर्माण विभाग से सड़क पर बस चलाने की सहमति मिलते ही परिवहन विभाग तत्काल सेवा शुरू कर देगा।


उन्होंने कहा कि गाड़ागुशैणी क्षेत्र को किसी भी हालत में बस सेवा से जोड़ना जरूरी है और सरकार इस बात से सहमत है कि आपदा के कारण लोगों को परेशानी हो रही है। उन्होंने विधायक से पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से बातचीत कर सड़क बहाली और सहमति की प्रक्रिया पूरी करवाने को कहा।


उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जैसे ही पीडब्ल्यूडी की ओर से बस संचालन के लिए हरी झंडी मिलेगी, परिवहन विभाग बिना देरी किए बस सेवा शुरू कर देगा।