डीसीसी शिमला ग्रामीण की पहली बैठक में संगठन विस्तार की रणनीति तैयार, ‘विचार प्रहरी’ और ‘सहकार सारथी’ विंग को सौंपी अहम जिम्मेदारियां
शिमला। जिला कांग्रेस कमेटी शिमला ग्रामीण के अध्यक्ष हरि कृष्ण हिमराल ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए कांग्रेस संगठन को बूथ से लेकर जिला स्तर तक और अधिक मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य सरकार, नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए ‘मिशन रिपीट’ के लिए अभी से जमीनी स्तर पर काम शुरू करना है।
राजीव भवन शिमला में डीसीसी शिमला ग्रामीण की नई कार्यकारिणी की पहली बैठक की अध्यक्षता करते हुए हरि कृष्ण हिमराल ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियां सौंपीं। 27 अगस्त को नई कार्यकारिणी के गठन के बाद हुई इस बैठक में संगठन को मजबूत करने, कांग्रेस की विचारधारा को आम लोगों तक पहुंचाने और कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित करने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
हिमराल ने कहा कि ट्रेनिंग विंग को अब ‘विचार प्रहरी’ के नाम से जाना जाएगा। यह विंग कांग्रेस की विचारधारा, नीतियों और संगठनात्मक सोच को कार्यकर्ताओं तथा आम जनता तक पहुंचाने का काम करेगा। इसी तरह सहकारी क्षेत्र से जुड़ने के लिए ‘सहकार सारथी’ नाम से विशेष विंग बनाया गया है। यह विंग स्वयं सहायता समूहों, मिल्क फेडरेशन, सोसायटियों और एनजीओ के साथ समन्वय स्थापित करेगा।
उन्होंने कहा कि संगठन में प्रचार प्रमुखों, प्रवक्ताओं और मीडिया पैनलिस्टों को भी स्पष्ट जिम्मेदारियां दी गई हैं। प्रचार प्रमुख प्रदेश सरकार की उपलब्धियों, नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाएंगे, जबकि प्रवक्ता और मीडिया पैनलिस्ट विभिन्न मीडिया प्लेटफॉर्म पर पार्टी का पक्ष मजबूती से रखेंगे।
हिमराल ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता केंद्र की भाजपा सरकार की नीतियों और कथित कुशासन को भी तथ्यों के आधार पर जनता के सामने रखेंगे। इसके लिए जिला स्तर के प्रवक्ताओं और मीडिया पैनलिस्टों को विषयवार जिम्मेदारियां दी गई हैं।
उन्होंने कहा कि संगठन की असली ताकत जमीनी कार्यकर्ता हैं, इसलिए डीसीसी शिमला ग्रामीण का प्रयास रहेगा कि कार्यकर्ताओं की समस्याओं और सुझावों को नेतृत्व तक पहुंचाया जाए। सरकार, पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल बनाकर संगठन को और सक्रिय किया जाएगा।
बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तैयार की गई और कार्यकर्ताओं तक पहुंच बढ़ाने का संकल्प लिया गया। हिमराल ने कहा कि कांग्रेस 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए अभी से पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतर रही है और ‘मिशन रिपीट’ के लक्ष्य को हासिल करने के लिए संगठनात्मक स्तर पर व्यापक अभियान चलाया जाएगा।
बैठक में पवन ठाकुर, प्रताप चौहान, पवन हिमता, महेंद्र कुमार, राजीव वर्मा, मोहिंदर वर्मा, विजय महेत, रामेश्वर, ललित शर्मा, पवन शर्मा, अनूप ठाकुर, नागरू राम, सुरेंद्र वर्मा, रीना कुमारी, गीता शर्मा, टी.आर. शर्मा, रोशन ठाकुर, दिनेश मेहता और रवि मेहता सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने संगठन को मजबूत करने के लिए अपने सुझाव दिए।











