Advertisement

विधानसभा में 1,100 सवालों की सूचनाएं मांगी गईं, सिर्फ 5-7 प्रश्नों की जानकारी लंबित: पठानिया

Spread the love

लंबित सूचनाएं अगले शीतकालीन या बजट सत्र में उपलब्ध कराने का सीएम सुक्खू ने दिया आश्वासन


शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा में विधायकों के लंबित सवालों की सूचनाएं उपलब्ध न होने का मामला गुरुवार को सदन में उठा। इस पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि लंबित प्रश्नों से संबंधित सूचनाएं अगले शीतकालीन सत्र या बजट सत्र में उपलब्ध करवा दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि शीतकालीन सत्र की अवधि कम होने के कारण कुछ सूचनाएं बजट सत्र में उपलब्ध करवानी पड़ सकती हैं।


मामला स्थगित प्रश्न संख्या 4079 से जुड़ा था। विधायक सुधीर शर्मा ने पूछा कि पिछले बजट सत्र में पूछे गए प्रश्न के माध्यम से विशिष्ट सूचना मांगी गई थी, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी संबंधित सूचना उपलब्ध नहीं करवाई गई। उन्होंने मुख्यमंत्री से पूछा कि क्या यह सूचना अगले सत्र से पहले लिखित रूप में उपलब्ध करवाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने जवाब दिया कि संबंधित सूचना अगले सत्र या बजट सत्र में उपलब्ध करवा दी जाएगी।


राकेश जम्वाल ने भी उठाया सवाल


विधायक राकेश जम्वाल ने कहा कि विधानसभा सत्र के दौरान सदस्य महत्वपूर्ण प्रश्न पूछते हैं। उन्होंने बताया कि सुधीर शर्मा के प्रश्न के साथ उनके तीन अन्य प्रश्न भी जुड़े हुए हैं। इन प्रश्नों के संबंध में भी उन्हें यही जवाब मिला है कि सूचना एकत्रित की जा रही है।


उन्होंने मुख्यमंत्री से पूछा कि क्या अगले सत्र में इन प्रश्नों से संबंधित सूचनाएं सदस्यों को उपलब्ध करवाई जाएंगी।
इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कई सूचनाएं दो-दो बार मांगी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि अलग-अलग सदस्यों के प्रश्नों के लिए अलग-अलग प्रकार की सूचनाओं की जरूरत होती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शीतकालीन सत्र बहुत छोटा होता है, इसलिए संबंधित सूचनाएं बजट सत्र में उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जाएगा।


1,100 सवालों की सूचनाएं मांगी गईं, अधिकांश मिल चुकीं: पठानिया


विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने सदन में स्पष्ट किया कि सदस्यों ने नोटिस के माध्यम से करीब 1,100 प्रश्नों की सूचनाएं मांगी हैं, जिनमें से अधिकांश सूचनाएं सदस्यों को उपलब्ध करवाई जा चुकी हैं।


उन्होंने बताया कि दस सीटिंग में केवल 5 से 7 प्रश्नों की सूचनाएं अभी डेफर हुई हैं। अध्यक्ष ने कहा कि इसलिए इसे बहुत बड़ा आंकड़ा नहीं माना जाना चाहिए। अध्यक्ष ने सदस्यों से यह भी कहा कि प्रश्नों और सूचनाओं से संबंधित प्रक्रिया को लेकर सदन की व्यवस्था का ध्यान रखा जाना चाहिए।


लंबित सूचनाएं अगले सत्र में देने का आश्वासन


मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन प्रश्नों की सूचनाएं अभी एकत्रित की जा रही हैं, उन्हें उपलब्ध करवाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि लंबित सूचनाएं निर्धारित प्रक्रिया के तहत सदस्यों को उपलब्ध करवाई जाएंगी।